Noida: नोएडा का सेक्टर-18, जिसे ‘कनॉट प्लेस’ भी कहा जाता है, पार्किंग कर्मियों की दबंगई से त्रस्त है। यहां के दुकानदारों ने कई बार इन पार्किंग कर्मियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया है, लेकिन उनकी दबंगई रुकने का नाम नहीं ले रही। हाल ही में, पार्किंग कर्मियों ने एक बाइक उठाने की कोशिश की, लेकिन उसी वक्त बाइक का मालिक मौके पर पहुंच गया, जिससे हंगामा शुरू हो गया। इस हंगामे का 47 सेकंड का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक यूजर ने इस हंगामे का वीडियो शेयर करते हुए नोएडा प्राधिकरण और पुलिस को टैग किया है। वीडियो में दिख रहा है कि सेक्टर-18 में करीब आधा दर्जन पार्किंगकर्मी एक बाइक को जबरदस्ती उठाने की कोशिश कर रहे हैं। उसी समय बाइक का मालिक वहां पहुंच जाता है और पार्किंगकर्मियों को रोक लेता है। बाइक सवार ने बताया कि वह अपनी बाइक खड़ी करके दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पी रहे थे और वहां किसी जानकार से बातचीत में लग गए। इस बीच पार्किंगकर्मी उनकी बाइक उठाने लगे। बाइक सवार ने कहा कि यह गलत है और ऐसा नहीं होना चाहिए। इसके बाद पार्किंगकर्मी वहां से चले जाते हैं।
ये भी पढ़ें..
पहले भी दिखा चुके हैं दबंगई
यह पहली बार नहीं है जब पार्किंग कर्मियों ने इस तरह की दबंगई दिखाई हो। इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। बताया जाता है कि जब से सेक्टर-18 की मल्टी-लेवल पार्किंग की शुरुआत हुई है, तब से इस प्रकार की घटनाएं लगातार हो रही हैं। दुकानदारों का कहना है कि पार्किंगकर्मी आए दिन लोगों से मारपीट करते हैं, जिससे ग्राहकों की संख्या में भी गिरावट आई है। बावजूद इसके, इस समस्या का अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है।

