Noida: नोएडा के सेक्टर-126 स्थित सेक्टर-131 जेपी विश टाउन में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला को उसके पति और ससुरालवालों ने बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा। यह शर्मनाक घटना वहां मौजूद लोगों के सामने घटी, परंतु किसी ने भी पीड़िता की मदद नहीं की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें महिला की गोद से बच्चा छीनते हुए उसका पति मौके से फरार होता दिखाई दे रहा है।
प्रॉपर्टी और तलाक के मामलों में उलझा दंपति
सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता और उसके पति के बीच कोर्ट में प्रॉपर्टी और तलाक के मामले चल रहे हैं। इनके बीच विवाद काफी समय से चल रहा था, लेकिन अब यह विवाद हिंसक रूप में सामने आया है। बताया जा रहा है कि पति ने अपनी पत्नी को सड़क पर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया, जिसमें ससुराल के अन्य लोग भी शामिल थे।
महिला की गोद से बच्चा छीनकर पति हुआ फरार
घटना के दौरान महिला की गोद में उसका बच्चा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला को पीटने के बाद पति ने उसकी गोद से बच्चा छीना और मौके से फरार हो गया। महिला की चीखें और दर्द से कराहने के बावजूद वहां खड़े लोग मूकदर्शक बने रहे और किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला जमीन पर गिरी हुई है और दर्द से तड़प रही है, जबकि लोग तमाशबीन बने हुए हैं।
ये भी पढ़ें..
Noida News: नोएडा में भगवान की मूर्ति तोडने पर विवाद, भारी संख्या में पुलिसफोर्स तैनात
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और पति सहित अन्य ससुरालवालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

