Noida: नोएडा में बाइक सवार बदमाशों द्वारा स्नेचिंग की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। ताजा घटनाओं में नोएडा जोन के थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में दो लोगों से मोबाइल फोन लूटे जाने की खबर सामने आई है। दोनों पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। हालांकि, पुलिस ने इन मामलों को चोरी का केस मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना: कर्मचारी का मोबाइल लूटा
गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी में रहने वाले चंदन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 16 नवंबर को सेक्टर-58 स्थित अपनी कंपनी से घर लौट रहे थे। इस दौरान वह मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी अचानक एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
घटना इतनी तेजी से हुई कि चंदन कुमार बदमाशों की बाइक का नंबर तक नहीं देख पाए।
दूसरी घटना: आईटी इंजीनियर बना शिकार
ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा गांव निवासी और सेक्टर-57 की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर विभोर कुमार सिंह ने 14 नवंबर को स्नेचिंग की घटना की शिकायत पुलिस को दी। विभोर ने बताया कि वह सुबह कंपनी के बाहर मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका मोबाइल लूट लिया।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
पुलिस ने बताया कि विभोर कुमार सिंह की शिकायत के आधार पर घटना स्थल पर मौजूद एक कंपनी के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में बाइक सवार बदमाश साफ नजर आ रहे हैं।
ये भी पढें..
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
दोनों मामलों को लेकर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया है। इससे पीड़ितों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं चोरी नहीं, बल्कि स्नेचिंग के तहत दर्ज होनी चाहिए।

