नोएडा सेक्टर-सोसाइटियों में आए दिन कुत्तों को लेकर हो रहे विवाद पर काबू पाने के लिए नोएडा प्राधिकरण की डॉग पॉलिसी (Noida Dog Policy) के तहत बन रहे ऐप का इंतजार अब खत्म हो चुका है। पेट ऐप बन चुका है। इसी माह से लोग ऐप पर अपने कुत्तों का रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। हालांकि 11 नस्ल के विदेशी कुत्तों के रजिस्ट्रेशन पर प्राधिकरण ने प्रतिबंध लगा दिया है। उनके लिए एप में कोई विकल्प नहीं है। यदि किसी ने फर्जी नाम व फोटो ऐप पर डालकर रजिस्ट्रेशन किया तो प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग की टीम सत्यापन कर उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
पेट मालिक को रजिस्ट्रेशन के लिए देने होंगे 500 रूपये
शहर में आए दिन कुत्ते के हमले से घायल होने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में कुत्तों को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने डॉग पॉलिसी बनाने का निर्णय लिया था। कुत्तों के रजिस्ट्रेशन के लिए एप पर एक साल से लगातार काम किया जा रहा था। हाल ही में प्राधिकरण के सीईओ विदेश दौरे पर गए हैं और उनके आने के बाद ऐप लॉन्च किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के दौरान पेट मालिक को 500 रुपये देने होंगे।
इन विदेशी नस्ल कुत्तों के लिए नहीं होगा ऐप में कोई विकल्प
वहीं अमेरिकन बुलडॉग, पिटबुल, रॉटविलर, डोगो अर्जेटिनो, बैनडॉग, नियपोलिटन मास्टिफ, वॉल्फ कुत्ता, बोएरबोएल, प्रेसा कैनारियो, फिला ब्रासीलिरो, तोसा इनु, केन कोरो समेत 11 नस्ल के विदेशी कुत्तों के रजिस्ट्रेशन लिए ऐप में कोई विकल्प नहीं है। इसके बाद जो घटना विदेशी नस्ल के कुत्ते द्वारा की जाएगी तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी।

