Noida: नोएडा पुलिस ने एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय कुख्यात ‘ठक-ठक गिरोह’ के एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी महज 10 सेकंड में वाहनों का शीशा तोड़कर कीमती सामान चुराने में माहिर था। उसके खिलाफ एनसीआर के विभिन्न थानों में तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी सेक्टर-113 थाना क्षेत्र से की है।
40 से अधिक मामले दर्ज
डीसीपी राम बदन सिंह ने जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ विक्रम के रूप में हुई है, जो अंबेडकर नगर का निवासी है। अभिषेक पर नोएडा के विभिन्न थानों में 40 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा, उसने गाजियाबाद, दिल्ली और एनसीआर के अन्य शहरों में भी कई वारदातों को अंजाम दिया है।
मोबाइल लैपटॉप चोरियों में माहिर गिरोह
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बेहद चालाकी से वाहन चोरियों को अंजाम देता था। सबसे पहले ये सदस्य पार्क की हुई गाड़ियों में झांककर कीमती सामान, जैसे लैपटॉप, मोबाइल या बैग की मौजूदगी का पता लगाते थे। इसके बाद, लोहे के औजारों की मदद से महज पांच से दस सेकंड के भीतर गाड़ी का शीशा तोड़कर सामान लेकर फरार हो जाते थे।
ये भी पढ़ें..
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में बढ़ा डेंगू का कहर, पिछले 24 घंटों में 27 नए मामले आए सामने
10 अन्य सदस्य पहले ही गिरफ्तार
एडीसीपी मनीष मिश्र ने बताया कि इस गिरोह के 10 अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अभिषेक पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज था, और पुलिस उसे काफी समय से तलाश रही थी। दिल्ली पुलिस के इनपुट के आधार पर नोएडा पुलिस ने अपने मुखबिरों को सक्रिय किया और शनिवार को अभिषेक को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर एफएनजी सर्विस रोड के पास स्थित ग्रीन बेल्ट से पुलिस ने 10 लैपटॉप और 4 लैपटॉप चार्जर भी बरामद किए हैं।

