Noida News: नोएडा में दादरी-सूरजपुर-छलेरा (डीएससी) रोड पर निर्माणाधीन भंगेल एलिवेटेड रोड के चलते यातायात मार्गों में अस्थायी बदलाव किया जाएगा। यह डायवर्जन करीब एक महीने तक लागू रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने यह सुनिश्चित करने की तैयारी की है कि इस दौरान वाहन चालकों को कम से कम परेशानी हो।
गर्डर लगाने के लिए लागू होगा डायवर्जन
अधिकारियों के अनुसार, एलिवेटेड रोड के निर्माण में गर्डर लगाने का कार्य किया जाना है, जिसके चलते विश्वकर्मा रोड और बरौला तिराहे पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी। सेक्टर-107 से आने वाले वाहन सेक्टर-100-107 ट्रैफिक सिग्नल से बाएं मुड़कर वोडा महादेव मंदिर के सामने से होते हुए सेक्टर-49 की ओर जा सकेंगे। वहीं, सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन से हाजीपुर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा।
मार्च के अंत तक पूरा होगा निर्माण कार्य
नोएडा ट्रैफिक पुलिस के डीसीपी लखन यादव ने बताया कि डायवर्जन लागू करने से पहले नोएडा प्राधिकरण को कुछ आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। जैसे ही ये कार्य पूरे होंगे, डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी कर दी जाएगी। यातायात में बाधा न हो, इसके लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
भंगेल, बरौला और सलारपुर में जाम से मिलेगी राहत
गौरतलब है कि बरौला, भंगेल और सलारपुर में यातायात जाम की समस्या को कम करने के लिए इस एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जा रहा है। यह रोड सेक्टर-41 अगाहपुर से फेज-2 के गंदे नाले तक बनाया जा रहा है। जून 2020 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट का 87 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
ग्रेटर नोएडा में बस-वे के दूसरे चरण का काम शुरू
ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 25 किलोमीटर लंबी और 130 मीटर चौड़ी सड़क पर बस-वे के दूसरे चरण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण गोलचक्कर से सिरसा की ओर बस-वे के लिए एक अलग लेन का निर्माण किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Delhi News: दिल्ली सरकार 8 मार्च को शुरू करेगी महिला सम्मान योजना! उसी दिन मिलेगी पहली किस्त
प्राधिकरण के अनुसार, इस बस-वे पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस परियोजना को एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया कि बस-वे के साथ बस स्टैंड भी बनाए जाएंगे, जहां बसों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी डिजिटल डिस्प्ले पर उपलब्ध होगी।

