Noida News : एक विधवा महिला ने एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। विधवा महिला का कहना है कि आरोपी उससे धोखाधड़ी करके 4.50 लाख रुपए नगद और कीमती गहने लेकर फरार हो गया। पीडि़त महिला की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर- 49 की घटना
सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला निवासी एक महिला ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि वर्ष 2019 में उसके पति का देहांत हो गया था। इसके बाद से वह अकेली रह रही थी। बताया गया है कि लगभग 5 महीने पहले उसकी मुलाकात हरिशंकर नामक एक व्यक्ति से हुई। मुलाकात के दौरान हरिशंकर ने खुद को कुंवारा बताया था। इसके बाद उन दोनों की लगातार मुलाकात होती रही।
शादी का किया वादा
आरोप है कि इस दौरान आरोपी युवक ने उन्हें अपनी बातों के झांसे में उलझा लिया और उनसे शादी करने की बात कही। वह भी आरोपी के झांसे में आ गई। महिला ने आरोप लगाया कि हरिशंकर ने उससे शादी करने का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपी ने अपनी बातों में फंसाकर मजबूरी और बहाना बनाकर उससे लगभग 4.50 लाख रुपए और कीमती जेवरात ले लिए।
यह भी पढ़ें: कौन था हरदीप सिंह निज्जर जिसकी वजह से इंडिया कानाडा के रिश्तों में पड़ी दरार ?
महिला का सामान ले आरोपी फरार
महिला का कहना है कि इसके बाद जब उसने शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी कुछ न कुछ बहाने बनाकर टालता रहा। इसके बाद महिला ने जब शादी के लिए ज्यादा जोर दिया, तो आरोपी उसके रुपए और जेवरात हड़पकर फरार हो गया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

