Noida News: नोएडा से नए साल के पहले ही दिन बेहद खौफनाक खबर सामने आई है। सरिया और स्क्रैप माफिया रवि नागर उर्फ रवि काना और उसके साथियो के खिलाफ नोएडा की एक लड़की ने गैंगरेप का मुकदमा दर्ज करवाया है। इस मामले में सेक्टर-39 कोतवाली में एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस ने इस मामले में गैंगरेप के मुख्य आरोपी रवि, आजाद, विकास, राजकुमार और मेहमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसमें पुलिस ने राजकुमार, आजाद और विकास को गिरफ्तार किया है। हालांकि,मुख्य आरोपी रवि काना फरार है। जिसे पुलिस की सुरक्षा भी प्राप्त होना बताया गया हैं।
ऐसे फंसाया जाल में
पीड़िता ने अपने शिकायत में कहा, “मैं नौकरी की तलाश में नोएडा आई थी। मुझे राजकुमार नामक एक व्यक्ति मिला। उसने पेपर के साथ बरौला बुलाया। वहां पर राजकुमार और उसका साथी महेमी मिले। दोनों ने मुझसे कहा कि रवि हमारे सर हैं। हम आपको उनसे मिलवा देंगे और वह आपकी जॉब लगवा देंगे। मैंने उनकी बातों पर विश्वास कर लिया।” युवती का आगे कहना है, “विगत 19 जुलाई 2023 को राजकुमार और महेमी मुझे गार्डन गलेरिया मॉल लेकर गए। वहां पर राजकुमार और महेमी के साथ कार में बैठकर गई थी। उन दोनों ने गाड़ी पार्किंग में लगा दी। वहां पर तीन लड़के आए। मुझसे उनका परिचय रवि, आजाद और विकास के रूप में करवाया गया।”
यह भी पढ़ें: Noida Crime News : गैंग रेप के आरोपों में बुरा फंसा स्क्रैप माफिया रवि काना, पुलिस सुरक्षा को हटाया गया
सारे हथियारबंद थे…
पीड़ित युवती ने FIR में जानकारी देते हुए बताया, “इन सभी के हाथों में बंदूक थीं। रवि ने मुझको गाड़ी में बैठा लिया और मेरे कपड़े उतार कर गलत काम किया। इस दौरान रवि ने वीडियो बना लिया था। विरोध करने पर कहा कि हम बहुत दबंग हैं। किसी से डरते नहीं हैं। अगर यह बात किसी को बताई तो मैं तुम्हारा वीडियो वायरल कर दूंगा। मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। जिसकी वजह से मैं काफी डरी हुई थी। अब यह लोग मुझे काफी परेशान कर रहे हैं। ब्लैकमेल करते हैं। जिसकी वजह से मैंने कोतवाली में शिकायत दी है।”
एडीसीपी ने दी जानकारी
एडीसीपी मनीष मिश्रा ने बताया कि आरोपियों ने युवती और परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। आरोप है कि उसे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था। इस वजह से पीड़िता ने अब शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर युवती का मेडिकल व बयान दर्ज कराया। फरार आरोपियों के लिए टीम गठित कर गई, जल्द ही दोनों गिरफ्तार होंगे।
मुख्य आरोपी को मिली है पुलिस सुरक्षा
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी रवि को कई सालों से पुलिस सुरक्षा मिली हुई है। पूर्व में रवि के भाई दादूपुर दनकौर निवासी हरेंद्र प्रधान का राजनीति में कद लगातार बढ़ रहा था। इस वजह से वह स्क्रैप और सरिया के कारोबार में भी तेजी से आगे बढ़ रहे थे। इसी कारण साल 2015 में ग्रेनो के नियाना गांव में शादी समारोह में हरेंद्र और उनके सरकारी गनर भूदेव शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद उनकी पत्नी, भाई रवि सहित परिवार के अन्य लोगों को पुलिस सुरक्षा मिली हुई है। ऐसे में रवि के फरार होने पर सवाल भी खड़े किए जा रहे हैं।

