Noida: सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा और गंदी गालियों का प्रयोग कर रील बनाने के आरोप में पहले से गिरफ्तार किए गए दो व्यक्तियों ने एक बार फिर से पुलिस को चौंका दिया। जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान इन आरोपियों ने एक और रील बनाई, जिसे जमानत पर रिहा होने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो के वायरल होने पर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
सेक्टर-63 थाना पुलिस ने जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिंटू बैरागी उर्फ चीता (24) और शेरपाल बैरागी उर्फ शेर (35), निवासी ग्राम बहलोलपुर, के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि 7 सितंबर को इन दोनों को महिलाओं के साथ गंदी गालियों और अभद्र भाषा का प्रयोग कर रील बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद, जब उन्हें जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया, तब भी उन्होंने मौका पाकर एक और रील बना ली।
जमानत पर छूटने के बाद, दोनों आरोपियों ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस ने इस वायरल वीडियो का संज्ञान लिया और तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें..
अब दोबारा जेल जाएंगे
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटनाएं न केवल कानूनी उल्लंघन हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी फैलाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी असामाजिक और अवैध व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया जाएगा।