Noida : नोएडा के सेक्टर-63 क्षेत्र स्थित NH-24 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने मृतका के शव को सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे दिल्ली की ओर जाने वाला यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।
मंदिर से लौटते वक्त हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोटपुर बहलोलपुर निवासी अनुज कुमार अपनी पत्नी मोनिका उर्फ मोनी (22 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल से मंदिर में पूजा करने के बाद घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार टियागो कार (UP-14-FC-3702) ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि मोनिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुज को गंभीर चोटें आईं।
घायल पति अस्पताल में भर्ती, कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
घायल अनुज को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने मृतका का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
परिजनों का प्रदर्शन, यातायात पूरी तरह बाधित
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने हाईवे पर शव रखकर न्याय की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया। देखते ही देखते लंबा जाम लग गया और दिल्ली की ओर जाने वाला पूरा मार्ग अवरुद्ध हो गया। घटना की सूचना पाकर नोएडा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। यातायात को सामान्य करने के लिए तत्काल कार्रवाई की गई, साथ ही ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर तैनात किए गए।
जांच जारी, पुलिस जुटी तथ्यों की पड़ताल में
विजयनगर और क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्रों (Noida) की पुलिस भी मामले की जानकारी जुटा रही है। नोएडा पुलिस का कहना है कि हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि दोषी को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके।

