Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार से हवाई जहाज के उतरने और उड़ने का ट्रायल शुरू होना था, लेकिन नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की अनुमति नहीं मिलने के कारण इसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। DGCA ने इस ट्रायल के लिए एक महीने के बजाए एक ही दिन में परीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने अपनी योजना में बदलाव किया है।
एयरपोर्ट संचालन के लिए चार लाइसेंस आवश्यक
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने जानकारी दी कि एयरपोर्ट के संचालन के लिए चार प्रकार के लाइसेंसों की आवश्यकता होती है। इनमें इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS), रनवे, और कैलीब्रेशन की जांच शामिल हैं, जो पहले ही पूरी हो चुकी हैं। अब अंतिम चरण में कॉमर्शियल उड़ानें शुरू करने के लिए एयरोड्रोम लाइसेंस की जरूरत है। इसके लिए DGCA से फ्लाइट ट्रायल की अनुमति अनिवार्य है।
ट्रायल की नई योजना
एयरपोर्ट का निर्माण कर रही कंपनी 25 नवंबर तक ट्रायल के लिए आवेदन करेगी, और अनुमति मिलने पर 30 नवंबर को रनवे ट्रायल किया जाएगा। इस ट्रायल की रिपोर्ट DGCA को सौंपने के बाद एयरोड्रोम लाइसेंस के लिए आवेदन किया जाएगा। यह लाइसेंस मिलने पर एयरपोर्ट पर अगले साल 17 अप्रैल से विमान सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है।
पीएम मोदी और सीएम योगी करेंगे उद्घाटन
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की घोषणा अप्रैल 2025 के लिए निर्धारित की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मौके पर उपस्थित रह सकते हैं। पहले चरण के लिए 1334 हेक्टेयर भूमि पर एयरपोर्ट का निर्माण तेज गति से हो रहा है।
अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स के लिए बुकिंग शुरू
एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, 6 फरवरी 2025 से अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स के लिए टिकट बुकिंग शुरू हो जाएगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का कोड ‘DXN’ होगा। इंडिगो और आकांक्षा एयरलाइंस द्वारा पहले ही दिन सिंगापुर, दुबई और ज्यूरिख के लिए उड़ानें संचालित की जाएंगी।
12 हजार करोड़ का खर्च और 50 हजार करोड़ का अनुमान
एयरपोर्ट का शिलान्यास 25 नवंबर 2021 को हुआ था। तब से पहले चरण में लगभग 12 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। अनुमान है कि चार चरणों में इसका कुल खर्च 50 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
ये भी पढें..
सस्ता हवाई किराया
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रा का किराया देश के अन्य हवाई अड्डों की तुलना में सस्ता होगा। यहां से अधिकतम टिकट कीमत लगभग ₹400 तक हो सकती है, जिससे हर वर्ग के लोग हवाई यात्रा का सपना पूरा कर सकेंगे।
एक साथ 186 विमान खड़े हो सकेंगे
नोएडा एयरपोर्ट की खास बात यह है कि यहां एक साथ 186 विमान खड़े हो सकते हैं। यह भारत का एकमात्र एयरपोर्ट होगा, जहां पर छह रनवे होंगे।

