Noida: नोएडा की रहने वाली एक महिला साइबर जालसाजों का शिकार बन गई। बताया जा रहा है कि जालसाजों ने शेयर मार्केट और ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर महिला से करीब 15 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने साइबर क्राइम पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुनाफे का लालच देकर ठगी
पीड़िता पल्लवी जग्गी, जो ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इको विलेज सोसायटी की निवासी हैं, ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉलर ने उन्हें शेयर मार्केट और ट्रेडिंग से जुड़े एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ने का प्रस्ताव दिया, जहाँ निवेश के जरिए मुनाफा कमाने की जानकारी दी जा रही थी। ग्रुप में कई लोग शेयर बाजार में एक्सपर्ट द्वारा सुझाई गई कंपनियों में निवेश कर मुनाफा कमाने के स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे थे। कई दिनों तक इस ग्रुप की गतिविधियों को देखने के बाद, महिला ने खुद भी निवेश करने का फैसला किया।
शुरुआती निवेश पर कुछ मुनाफा मिलने के बाद महिला का भरोसा बढ़ा, और फिर उसने कई किस्तों में कुल 15 लाख 42 हजार 863 रुपये का निवेश कर दिया।
जीवन भर की कमाई गंवाई
महिला ने पुलिस को बताया कि जालसाजों द्वारा डाउनलोड कराए गए एक एप पर उनके निवेश का मुनाफा बढ़ता हुआ दिख रहा था। जब महिला ने जरूरत पड़ने पर इस रकम को निकालने की कोशिश की, तो जालसाजों ने और अधिक निवेश का दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला के मना करने पर उसे ग्रुप से हटा दिया गया और जालसाजों ने उससे संपर्क पूरी तरह से तोड़ दिया। पीड़िता ने बताया कि ठगी में उसने अपनी जीवन भर की कमाई गंवा दी है।
ये भी पढें..
पुलिस ने जांच शुरू की, ठगी की रकम फ्रीज कराने की कवायद
महिला की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उन बैंक खातों की पड़ताल कर रही है, जिनमें ठगी की रकम जमा की गई थी। साथ ही, ठगी की गई राशि को फ्रीज कराने के लिए संबंधित बैंक के अधिकारियों से संपर्क भी किया गया है।