Noida News : नोएडा प्राधिकरण की ओर से समाधान दिवस का आयोजन सेक्टर-47 सामुदायिक केंद्र में किया गया। इस मौके पर सेक्टर-38, सेक्टर-51, सेक्टर-96 और सेक्टर-100 के निवासियों की समस्याओं को सुना गया और उनका समाधान किया गया। समाधान दिवस में सीईओ लोकेश एम के अलावा प्राधिकरण के तीनो एसीईओ, ओएसडी और एडीसीपी मौजूद रहे। सीईओ ने कहा जो भी समस्या है उनका निस्तारण करते हुए 20 दिन बाद कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
ड्रेनेज सिस्टम किया जाए दूरुस्त
अधिकतर सेक्टरों में खुले नाले व भूमिगत नालों से सीवर ओवर फ्लो होना, खुले नालो की साफ-सफाई नहीं होना, नालों को ढकने व खुले नालों में कचरा होने संबंधित शिकायत मिली। इस संबंध में ड्रेनेज सिस्टम को दूरुस्त करने के लिए सलाहकार कंपनी नियुक्त कर सर्वे कराने के लिए कहा गया। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने सेक्टर के पार्क व ग्रीन बेल्ट के रखरखाव, चार दिवारी की मरम्म्त, बैंच, झूले, पेड़ों की कटाई-छटाई, बरसात में पार्क में पानी की निकासी की समस्या से अवगत कराया। सीईओ ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाने, ग्रीन बेल्ट के आसपास लगे छोटे पेड़ों में ट्री गार्ड लगाने, लाइिटंग करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें : G20 समिट से पहले चमकाया जा रहा है गाजियाबाद, महापौर के निर्देशन में हो रहा सौंदर्यीकरण
लोगों की मांग खोले जाएं वेंडिंग जोन
सेक्टरों में कई ऐसे भूखंड है जो खाली है, हालांकि ये आवंटित हो चुके है, इन भूखंडों में गंदगी है। इसलिए खाली आवंटित भूखंडों के आवंटियों को नोटिस जारी किया जाए और इनसे साफ-सफाई कराने के लिए निर्देशित किया। इन सेक्टरों में खाली पड़े फैसलिटी भूखंडों में सेक्टर की मूलभूत सुविधा जैसे डेयरी, मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर आदि की व्यवस्था कराने की मांग सेक्टरवासियों ने की। सेक्टर में वेंडिंग जोन स्थापित करने की मांग भी की। ऐसे में सीईओ ने नियोजन विभाग को समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
एंट्री और एक्जिट की समस्या हो दूर
सेक्टर में एंट्री और एक्जिट गेट बंद करने की समस्या पर आरडब्ल्यूए और नोएडा प्राधिकरण आपस में बातचीत करके इसका निस्तारण करे। सेक्टरवासियों ने बिजली की लाइनों को भूमिगत करने की मांग की। जिस पर सीईओ ने उप्र पॉवर कारपोरेशन लिमिटेड से वार्ता कर कार्यवाही के निर्देश दिए। सेक्टर-48 में निर्माणाधीन सब स्टेशन को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। डीएससी मार्ग पर रोड के नीचे बने यू टर्न को बंद करने की मांग की गई।

