ग्रेटर नोएडा। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर एक परिवार पर दबंगों ने हमला कर महिलाओं से दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के दौरान पुलिस द्वारा इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद पीड़ित पक्ष द्वारा कोर्ट की शरण ली गई। जिसके आधार पर शनिवार को पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
परिवार पर 22 मई को हुआ हमला
पीड़ित पक्ष का कहना है कि 22 मई की रात पुरानी रंजिश में पड़ोस के ही करीब 8 लोग लाठी-डंडे और हथियार लेकर उनके घर आ कर उन्हें धमकाया। इस दौरान आरोपियों द्वारा पीड़ित परिवार पर जमकर लाठी डंडों से हमला किया गया, साथ ही जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का भी आरोप पीड़ित परिवार ने लगाया है।
यह भी पढ़ें : नोएडा : पुलिस के हत्थे चढ़े पांच शातिर चोर, लाखों रुपए के चोरी का सामान बरामद
महिलाओं के साथ दुष्कर्म की कोशिश
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनके परिवार की महिलाओं के कपड़े फाड़कर उनके साथ दुष्कर्म का भी प्रयास किया। अन्य पड़ोसियों के आने के बाद पीड़ित परिवार को आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस घटना में पीड़ित पक्ष की महिला और अन्य को गंभीर चोट भी आई थी। वहीं दनकौर कोतवाली पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।

