Noida News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) और हरियाणा राज्य परिवहन निगम के बीच गुरुवार को एक महत्वपूर्ण करार हुआ। इस समझौते के तहत हरियाणा रोडवेज फरीदाबाद, गुरुग्राम, चंडीगढ़ सहित अन्य प्रमुख शहरों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सीधी बस सेवा शुरू करेगा। अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ानें शुरू होते ही यह बस सेवा भी शुरू कर दी जाएगी।
हरियाणा के बड़े शहरों से मिलेगी कनेक्टिविटी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अप्रैल में उड़ान संचालन शुरू होने की संभावना है। इससे पहले एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि 150 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले यात्री आसानी से पहुंच सकें। इसी क्रम में यापल ने हरियाणा रोडवेज के साथ समझौता किया है।
इस करार के तहत हरियाणा रोडवेज पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, चंडीगढ़, हिसार, नारनौल, पानीपत और अंबाला जैसे प्रमुख शहरों से एयरपोर्ट तक सीधी बस सेवा प्रदान करेगा। हरियाणा रोडवेज के अतिरिक्त निदेशक ने इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे नोएडा और हरियाणा के शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यात्रियों को सुगम व कुशल यात्रा का अनुभव मिलेगा।
एयरपोर्ट पर निर्माण कार्य अंतिम चरण में
यापल के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने जानकारी दी कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। इस चरण में एक रनवे और एक टर्मिनल होगा, जिससे हर साल लगभग 1.2 करोड़ यात्री यात्रा कर सकेंगे।
ये भी पढें..
यूपी के 17 जिलों से भी जुड़ेगा एयरपोर्ट
हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बस सेवा शुरू करने की योजना बना रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चार मंडलों मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ और आगरा के 17 जिलों को एयरपोर्ट से सीधा जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) टैक्सी सेवा भी उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के यात्रियों को एक आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा विकल्प मिलेगा।

