Noida: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद देश में सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को लेकर संवेदनशीलता बढ़ गई है। इसी संदर्भ में गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से व्यवहार करने को लेकर एक अहम एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भ्रामक, भड़काऊ या देशविरोधी पोस्ट पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया यूजर्स को आगाह किया गया है कि वे पोस्ट साझा करते वक्त सतर्क रहें और अफवाहों से बचें।
असत्य और अपुष्ट जानकारी से बचने की अपील
डीसीपी (साइबर) प्रीति यादव ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की असत्य या अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें। उन्होंने कहा कोई भी फोटो, वीडियो या खबर साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें। अफवाहें समाज में भय, भ्रम और तनाव पैदा कर सकती हैं, जिससे माहौल बिगड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि सेना की गतिविधियों या संवेदनशील जानकारियों को साझा करना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है, इसलिए ऐसी जानकारी को सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर साझा करने से बचें।
भड़काऊ पोस्ट से रहे दूर
पुलिस की एडवाइजरी में कहा गया है कि किसी भी धर्म, जाति या समुदाय के खिलाफ भड़काऊ भाषण या पोस्ट न करें। इस तरह की सामग्री सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकती है और ऐसे मामलों में आईटी एक्ट और अन्य दंडनीय धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकार के आधिकारिक स्रोतों पर ही करें भरोसा
पुलिस (Noida) ने लोगों से आग्रह किया है कि वे किसी भी खबर या सूचना के लिए केवल सरकारी एजेंसियों और रक्षा मंत्रालय के अधिकृत स्रोतों पर ही भरोसा करें। भावनाओं में बहकर की गई कोई भी पोस्ट देश की एकता और अखंडता के खिलाफ जा सकती है।प्रीति यादव, डीसीपी (साइबर) ने कहा हर टिप्पणी, हर शेयर देशहित में होनी चाहिए, न कि देशविरोधी ताकतों के पक्ष में।
निगरानी के लिए गठित की गई टीम
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के लिए विशेष टीम गठित कर दी है। आईटी और साइबर सेल पहले से ही ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए है। कई मामलों में पुलिस ने भड़काऊ पोस्ट डालने वालों को गिरफ्तार भी किया है।
रिपोर्टिंग फीचर का करें उपयोग
पुलिस (Noida) ने सोशल मीडिया यूजर्स से यह भी कहा कि अगर उन्हें कोई भ्रामक, झूठी या नफरत फैलाने वाली सामग्री दिखे, तो वे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रिपोर्टिंग फीचर का इस्तेमाल करें। इससे नकारात्मक कंटेंट के प्रसार को रोका जा सकता है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

