New Delhi: राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 25 जून से एक नई पार्किंग व्यवस्था लागू होने जा रही है। यह नियम अजमेरी गेट की ओर से स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को छोड़ने वाले वाहनों पर लागू होगा। इस व्यवस्था के तहत पहले 8 मिनट तक वाहन खड़ा करने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, लेकिन इसके बाद निर्धारित समय के अनुसार शुल्क देना होगा।
भीड़ और जाम को कम करने के लिए उठाया गया कदम
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने जानकारी दी कि यह कदम रेलवे स्टेशन के बाहर अक्सर लगने वाले जाम और अनियंत्रित ट्रैफिक की समस्या को हल करने के लिए उठाया गया है। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था पहले भी लागू थी, लेकिन टेंडर की अवधि समाप्त होने के बाद इसे बंद कर दिया गया था। अब इसे फिर से नई दिल्ली स्टेशन पर पुनः लागू किया जा रहा है। आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर यह नियम पहले से प्रभावी है।
शुल्क की पूरा विवरण
इस नई व्यवस्था के तहत शुल्क की दरें निम्नलिखित होंगी:
- 0 से 8 मिनट तक: कोई शुल्क नहीं
- 8 से 15 मिनट तक: ₹50
- 15 से 30 मिनट तक: ₹200
- 30 मिनट से अधिक रुकने पर: वाहन को टो किया जाएगा और ₹500 का जुर्माना लगेगा
यह पूरी व्यवस्था सीसीटीवी निगरानी और स्वचालित एंट्री-एग्जिट सिस्टम से संचालित की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
अब सभी वाहनों को मिलेगी 8 मिनट की छूट
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि पहले केवल निजी वाहनों को ही 8 मिनट की फ्री पार्किंग की सुविधा थी, लेकिन अब यह छूट सभी वाहनों को मिलेगी – चाहे वह कमर्शियल हो या निजी। इससे ट्रैफिक को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और स्टेशन क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ से राहत मिलेगी।
यात्रियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
हालांकि इस नई व्यवस्था को लेकर यात्रियों की मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यात्रियों का कहना है कि यह नियम हल्के या कम सामान वाले यात्रियों के लिए तो ठीक है, लेकिन भारी सामान लेकर चलने वाले या बुजुर्गों के साथ आने वाले यात्रियों को 8 मिनट में वाहन बाहर निकालना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में उन्हें ₹50 या ₹200 का अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा।
ऑटो व कैब चालकों ने किया समर्थन
दूसरी ओर, ऑटो और कैब चालकों ने इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि यदि यह व्यवस्था सही तरीके से लागू होती है, तो उन्हें बार-बार लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। ट्रैफिक नियंत्रण के लिए रेलवे अतिरिक्त मार्शल और सुरक्षा गार्ड भी तैनात कर सकता है, जिससे नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
ये भी पढें : Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में आज फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी, उमस से हाल-बेहाल
ये भी देखें : Bihar Politics: कैसा है BJP का वॉर रूम? बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज!