यमुनापार इलाके में “अमेजन एग्जीक्यूटिव की सनसनीखेज हत्या” के मामले में वांछित को अपराध शाखा की टीम ने गिरफ्तार किया है। यह माया गैंग का मेंबर बताया जा रहा है। इसके पास से वारदात के दौरान इस्तेमाल स्कूटी को भी पुलिस टीम ने जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अदनान उर्फ डॉन उर्फ अमन के रूप में हुई है। यह दिल्ली के भजनपुरा इलाके का रहने वाला है। जो स्कूटी बरामद की गई है वह सदर बाजार थाना इलाके से चोरी की निकली है।
पुलिस बदमाशों की लगातार तलाश कर रही थी
बता दें कि सनसनीखेज हत्या की यह वारदात पिछले महीने अगस्त में भजनपुरा इलाके में हुई थी। अपराध शाखा पुलिस टीम भजनपुरा में हुई हत्या के मामले में बदमाशों की तलाश कर रही थी। इसके बारे में पुलिस को पता चला कि यह सदर बाजार इलाके में किसी से मिलने के लिए आने वाला है। उस सूचना पर डीसीपी अमित गोयल की देखरेख में एसीपी रमेशचंद्र लाम्बा, इंस्पेक्टर पंकज मलिक, सब इंस्पेक्टर रूपेश, हेड कांस्टेबल नरेंद्र, गजेंद्र, राजेंद्र और कांस्टेबल रविंद्र और दिनेश की टीम ने वहां पर ट्रैप लगाया। जैसे ही यह क्रिमनल वहां पर पहुंचा पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से हथियार भी बरामद किया है।
29 अगस्त की रात हुई थी हत्या
29 अगस्त की रात 10:30 बजे के आसपास यमुनापार के भजनपुरा इलाके में हत्या की वारदात हुई थी। इसमें दो स्कूटी पर सवार पांच बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। कई राउंड गोली चलाकर हरप्रीत और उसके रिलेटिव दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बाद में इलाज के दौरान हरप्रीत की मौत हो गई थी।

