New Delhi: दिल्ली में कूड़े के पहाड़ के रूप में बदनाम भलस्वा लैंडफिल साइट जल्द ही बदली हुई नजर आएगी। राजधानी को स्वच्छ और हरित बनाने के प्रयास के तहत दिल्ली सरकार यहां बांस के पौधे लगाने जा रही है। मंगलवार को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भलस्वा लैंडफिल साइट का दौरा किया और ‘बांस रोपण अभियान’ की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य बायोमाइनिंग, भूमि सुधार और ग्रीन दिल्ली अभियान को गति देना है।
बांस के 54,000 पेड़ लगाए जाएंगे
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि दिल्ली में यह एक नई पहल है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 2,000 बांस के पौधे लगाए गए हैं और अगले एक से डेढ़ महीने में 54,000 और पौधे लगाए जाएंगे। बांस के पेड़ 30% अधिक ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और कम पानी में तेजी से बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी।
हर माह होगी निगरानी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भलस्वा समेत दिल्ली की तीनों लैंडफिल साइटों की हर महीने निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले एक साल में कूड़े के पहाड़ की ऊंचाई को कम किया जाएगा और यहां एक हरित क्षेत्र विकसित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार इस प्रयास में सहयोग कर रही है और कई परियोजनाओं के तहत कूड़े को रिसाइकल किया जा रहा है।
प्रदूषण कम करने की दिशा में बड़ा कदम
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों ने इस मौके पर एक प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया, जिसमें लैंडफिल साइट से कूड़ा कम करने की प्रक्रिया और प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी गई। इस लैंडफिल साइट के चारों ओर पौधों से चारदीवारी बनाई जा रही है, जिससे पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके।
ये भी पढें..
Noida: नोएडा में 11 बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद घुसपैठियों के मददगारों की तलाश तेज
भाजपा ने किया वादा पूरा
27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी भाजपा विपक्ष में रहते हुए भलस्वा और गाजीपुर लैंडफिल साइट के मुद्दे को उठाती रही थी। चुनाव से पहले भाजपा ने दिल्ली को प्रदूषण मुक्त राजधानी बनाने का संकल्प लिया था और अब सरकार उस दिशा में तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार डबल रफ्तार से काम करेगी और दिल्ली को स्वच्छ बनाने के मिशन को सफल बनाएगी।
इस मौके पर दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद योगेंद्र चंदोलिया, बादली से विधायक दीपक चौधरी और समयपुर बादली से पार्षद गीता चौधरी भी उपस्थित रहे। इसके अलावा, दिल्ली के मुख्य सचिव धमेंद्र और निगम आयुक्त अश्विनी कुमार भी अभियान के शुभारंभ समारोह में शामिल हुए।

