Mukhtar Ansari Death: पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी का गुरुवार (28 मार्च) को देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी मौत के बाद पूरे राज्य में धारा 144 लागू कर दी गई है. माफिया मुख्तार को गाजीपुर के मोहम्मदाबाद स्थित कालीबाद कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा।
मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी बांदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे है जहां पोस्टमॉर्टम के बाद मुख्तार का शव उन्हें सौंपा जाएगा. बता दें कि आज जब जुमे की नमाज अदा कर दी जाएगी उसके बाद बाहुबली मुख्तार का शव बांदा मेडिकल कॉलेज से निकाला जाएगा. गौरतलब है कि इससे पहले देर रात गाजीपुर के जिलाधिकारी और एसपी ने कब्रिस्तान का निरीक्षण किया. जानकारी के मुताबिक, माफिया को उनके पिता सुभानुल्लाह अंसारी की कब्र के बगल में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
“मुख्तार अंसारी को नहीं मिला इलाज”
इस बीच मुख्तार अंसारी के बड़े भाई सिबगतुल्लाह अंसारी ने कहा कि प्रशासन ने उन्हें उनके भाई की मौत की जानकारी नहीं दी. मुख्तार 18 मार्च से बहुत बीमार थे और उन्हें इलाज नहीं मिल रहा था। 25-26 मार्च की रात उनकी हालत काफी बिगड़ गई तो औपचारिकता के तौर पर उन्हें कुछ घंटों के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया. फिर उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया गया कि उनकी हालत स्थिर है। उसका कोई इलाज नहीं किया गया.
अंसारी के वकील ने हत्या का दावा किया
वहीं, मुख्तार अंसारी के वकील रणधीर सिंह सुमन ने कहा कि उनकी मौत प्राकृतिक नहीं, बल्कि हत्या है पूर्व विधायक और माफिया मुख्तार अंसारी ने दो दिन पहले ही आरोप लगाया था कि बांदा जेल में उन्हें जहर दिया जा रहा है, जिससे उनकी मौत हो सकती है. साथ ही मुख्तार अंसारी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए जेल में अतिरिक्त सुरक्षा की भी मांग की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था.
पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में छात्र राजनीति करने के बाद 1996 में राजनीति में कदम रखा। 1996 में मऊ से पहली बार विधायक बने। वह 2002, 2007, 2012 और 2017 में इसी सीट से विधायक चुने गए। दो बार बसपा के टिकट पर, दो बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में और एक बार अपनी पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गए.

