MS Dhoni IPL 2025: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भले ही अब आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान नहीं हैं, लेकिन उनकी फैन फॉलोइंग में कोई कमी नहीं आई है। आज भी उनके चाहने वाले पूरे स्टेडियम को पीले रंग से भर देते हैं। धोनी अपने अलग-अलग फैसलों से लोगों का दिल जीतते रहते हैं। इसी बीच एक खबर सामने आई है जिसने एक बार फिर ‘माही’ को चर्चा में ला दिया है, और उनके इस नए कदम को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
इसमें कोई शक नहीं है कि धोनी के दिल में चेन्नई सुपर किंग्स की फ्रेंचाइजी के लिए खास जगह है। उन्होंने कई मौकों पर यह बात साफ भी की है। एक बार फिर धोनी ने टीम के लिए अहम फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी आईपीएल 2025 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स से सिर्फ 6 करोड़ रुपये लेंगे।
CSK जिन खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है
रिपोर्ट्स के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2025 के लिए रवींद्र जडेजा, रुतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे और मथीशा पथिराना को रिटेन कर सकती है। हालांकि, ऐसा तभी होगा जब धोनी को अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर रिटेन किया जाएगा। अगर धोनी को अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर रिटेन नहीं किया जाता है, तो चेन्नई को अपनी योजना बदलनी पड़ सकती है।
रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची कब की जाएगी घोषित ?
सभी 10 आईपीएल टीमों को 15 नवंबर से पहले अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी करनी होगी। नियमों के अनुसार, सभी टीमें मेगा नीलामी से पहले केवल चार खिलाड़ियों को ही रिटेन कर सकती हैं, जबकि बाकी को रिलीज किया जाना चाहिए। हालांकि, इस बार यह नियम बदला जा सकता है। रिपोर्ट्स बताती हैं कि टीमों को चार के बजाय पांच खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति दी जा सकती है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

