Mohammad Shami: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की फिटनेस को लेकर अहम जानकारी दी है। हाल ही में बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) में शमी की फिटनेस की जांच की गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, शमी अभी पूरी तरह से फिट नहीं हैं और उन्हें मैदान पर वापसी करने में समय लगेगा।
घुटने की चोट बनी बड़ी परेशानी
BCCI की मेडिकल टीम ने खुलासा किया है कि शमी के बाएं घुटने में सूजन की समस्या है। यह समस्या लंबे समय बाद लंबे गेंदबाजी स्पेल डालने के कारण आई है। रणजी ट्रॉफी में मध्य प्रदेश के खिलाफ बंगाल के लिए 43 ओवर गेंदबाजी करने के बाद यह सूजन बढ़ गई। मेडिकल टीम ने साफ किया है कि शमी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी दो टेस्ट मैचों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग पर काम जारी
शमी फिलहाल BCCI के सेंटर ऑफ एक्सेलेंस में मेडिकल स्टाफ की निगरानी में हैं और अपनी स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग को बेहतर करने पर ध्यान दे रहे हैं। इससे पहले, शमी ने रणजी ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हिस्सा लिया था। हालांकि, लंबे फॉर्मेट के लिए उनकी फिटनेस अभी भी एक चुनौती बनी हुई है।
एड़ी की चोट से मिली राहत
BCCI ने यह भी जानकारी दी है कि शमी की एड़ी की चोट, जिसके लिए उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी, अब पूरी तरह से ठीक हो गई है। हालांकि, घुटने की सूजन उनके लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
ये भी पढें..
Ghaziabad News:यति नरसिंहानंद सरस्वती के खिलाफ FIR दर्ज, जानें क्या है पूरा मामला
विजय हजारे ट्रॉफी में खेलना अनिश्चित
21 दिसंबर से शुरू हुई विजय हजारे ट्रॉफी में शमी का खेलना अभी तय नहीं है। उनका चयन उनकी घुटने की स्थिति पर निर्भर करेगा। BCCI की मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनाए हुए है।

