पंजाब सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार आज राज्य के कुछ जिलों को छोड़कर बाकी सभी जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवा दोपहर 12 बजे के बाद बहाल कर दी जाएगी। बता दें कि गृह सचिव के जारी आदेशों के अनुसार तरनतारन, फिरोजपुर, मोगा, संगरूर, अमृतसर सब डिवीजन अजनाला, मोहाली में वाईपीएस चौक से एयरपोर्ट रोड तक कुछ इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध जारी रहेगा। सरकार के आदेश अनुसार 21 मार्च 2023 से 23 मार्च 2023 तक सेवाएं बंद रहेंगी।
गौरतलब है कि खालिस्तानी समर्थक अलगाववादी अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर पंजाब पुलिस लगातार पंजाब में अभियान चला रही है। इसके अलावा पुलिस उसके समर्थकों पर भी लगातार शिकंजा कस रही है। पुलिस ने उसके संगठन वारिस पंजाब दे के खिलाफ शनिवार को कार्रवाई शुरु की थी। उसके बाद से अब तक पुलिस ने उसके संगठन से जुडे़ 114 लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि पंजाब सरकार ने राज्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवा पर प्रतिबंध लगा दिया था। आज इस मामले की हाई कोर्ट में सुनवाई भी होनी है।

