Missing Cases: राजधानी दिल्ली से इस साल की शुरुआत से लेकर 23 जुलाई 2025 तक 7,880 से अधिक लोग लापता हो चुके हैं, जिनमें अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। ये चौंकाने वाले आंकड़े जोनल इंटीग्रेटेड पुलिस नेटवर्क (जिपनेट) के डेटाबेस से सामने आए हैं। सबसे अधिक मामले बाहरी उत्तरी दिल्ली जिले के हैं, जबकि सबसे कम मामले नई दिल्ली जिले में दर्ज किए गए हैं।
लापता लोगों में महिलाएं ज्यादा
जिपनेट डेटा के मुताबिक, लापता लोगों में 4,753 महिलाएं और 3,133 पुरुष शामिल हैं। बाहरी उत्तरी दिल्ली जिला, जिसमें बवाना, स्वरूप नगर और समयपुर बादली जैसे इलाके शामिल हैं, यहां गुमशुदगी के सबसे ज्यादा 908 मामले सामने आए हैं।
वहीं, उच्च सुरक्षा वाला नई दिल्ली जिला, जिसमें तिलक मार्ग, चाणक्यपुरी और संसद मार्ग जैसे क्षेत्र आते हैं, यहां केवल 85 मामले ही दर्ज हुए हैं, जो राजधानी में सबसे कम है।
गुमशुदगी के आंकड़े, कौन-कौन से जिले रहे प्रभावित
जिला | गुमशुदगी के मामले |
बाहरी उत्तरी | 908 |
उत्तर पूर्वी | 730 |
दक्षिण पश्चिम | 717 |
दक्षिण पूर्व | 689 |
बाहरी | 675 |
द्वारका | 644 |
उत्तर पश्चिम | 636 |
पूर्वी | 577 |
रोहिणी | 452 |
मध्य | 363 |
उत्तर | 348 |
दक्षिण | 215 |
शाहदरा | 201 |
नई दिल्ली | 85 |
इन आंकड़ों से साफ है कि दिल्ली के बाहरी और सीमावर्ती जिलों में गुमशुदगी की दर सबसे अधिक है।
अज्ञात शव भी चिंता का विषय, 1,486 शवों की पहचान नहीं हो सकी
गुमशुदा लोगों के साथ-साथ 1 जनवरी से 23 जुलाई के बीच 1,486 अज्ञात शव भी बरामद किए गए हैं, जिनमें से अधिकतर पुरुषों के हैं। इन शवों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
किस जिले में मिले सबसे ज्यादा अज्ञात शव?
- उत्तरी जिला: 352 शव (सबसे ज्यादा)
- मध्य जिला: 113 शव
- उत्तर पश्चिम: 93 शव
- दक्षिण पूर्व और दक्षिण पश्चिम: 83 और 73
- पूर्वी और नई दिल्ली: 55-55 शव
- बाहरी और पश्चिम दिल्ली: 54-54 शव
- रोहिणी: 44
- शाहदरा: 42
- द्वारका: 35
- दक्षिण जिला: 26
- रेलवे क्षेत्र: 23 शव
सबसे ज्यादा अज्ञात शव कोतवाली, सब्जी मंडी और सिविल लाइंस जैसे इलाकों में पाए गए हैं।
क्या है जिपनेट?
जिपनेट (ZIPNET) एक केंद्रीकृत डेटाबेस है, जिसका इस्तेमाल पुलिस और जांच एजेंसियों द्वारा लापता लोगों और अज्ञात शवों की पहचान के लिए किया जाता है। यह देशभर के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से डाटा एकत्र करता है और रियल टाइम आधार पर जानकारी साझा करता है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में मानसून की जोरदार दस्तक से तरबतर हुआ शहर, 29 जून से अब तक 234.6 मिमी बारिश दर्ज
ये भी देखें : Maharashtra Politics: एकनाथ शिंदे को लगा बड़ा झटका!, क्या अब पास नहीं होगी नगर विकास की फाइलें