Noida: नोएडा पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 102 किलो गांजा बरामद किया गया है। बरामद किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
रेंट पर कार लेकर करते थे तस्करी
तस्करों ने गांजा तस्करी के लिए स्विफ्ट कारों का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने छापेमारी कर दो स्विफ्ट कारें भी जब्त की हैं। आरोपियों की योजना बेहद शातिराना थी – वे रेंट पर कार बुक कर गांजा दिल्ली से नोएडा तक लाते थे।
विशाखापत्तनम से ट्रेन के जरिए लाते थे गांजा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विशाखापत्तनम से ट्रेन के जरिए गांजा लेकर आते थे। गांजे को नायलॉन के रैपर में पैक कर सुरक्षित तरीके से तस्करी की जाती थी। इसके बाद नोएडा में इसे बेचने का काम किया जाता था।
डेढ़ साल से कर रहे थे तस्करी, मुख्य आरोपी पर पहले से 6 मुकदमे
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी अनुज भी शामिल है, जिसके खिलाफ पहले से 6 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, ये गिरोह पिछले डेढ़ साल से नोएडा में सक्रिय था और अवैध रूप से गांजा सप्लाई कर रहा था।
ये भी पढ़ें..
Delhi: दिल्ली में सरकार बदलते ही परिवहन विभाग के छह अधिकारियों पर गिरी गाज, CBI ने किया गिरफ्तार
फेज-2 थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई
नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र में पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की। यह ऑपरेशन नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिससे नशे के इस काले कारोबार पर बड़ा प्रहार किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हैं।

