प्रयागराज से माफियागिरी शुरू करने वाला अतीक और उसका भाई अशरफ का 15 अप्रैल को तीन शूटर लवलेश,सनी,अरूण ने गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया और रविवार 16 अप्रैल को दोंनो के शवों को उनके पैतृक गांव में भारी सुरक्षा के बीच दफनाया गया। कसारी मसारी कब्रिस्तान में माफिया अतीक और उसके भाई अशरफ को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। उम्मीद लगाई जा रही थी कि शाइस्ता भी अपने पति अतीक और देवर के जनाज़े में शामिल होगी और खुद को सरेंडर कर देगी लेकिन वो अपने पति और देवर को अंतिम बार भी देखने नहीं पहुंची लेकिन अतीक के दो छोटे बेटे जो बाल सुधार गृह ले अपने पिता को आखिरी बार देखने के लिए पहुंचे थे।
अतीक के बेटे असद की कब्र के पास ही दोनों की कब्रें खुदवाई गई थीं। अशरफ की बेटी और पत्नी जैनब भी कब्रिस्तान में मौजूद रहीं। कब्रिस्तान में सिर्फ चुनिंदा रिश्तेदारों को जाने दिया गया। कब्रिस्तान से करीब 300 मीटर दूर सभी को रोक दिया गया। मीडियाकर्मियों को कब्रिस्तान के बाहर तक जाने दिया गया। हालांकि उनके नाम और मोबाइल नंबर नोट किए जा रहे थे। पूरे शहर में जगह-जगह फोर्स तैनात की गई थी। वहीं लवलेश, अरूण और सनी जो तीनों आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया और वहां से तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
माफिया अतीक और अशरफ को मारने वाले तीनों आरोपियों में से मुख्य आरोपी सनी का कनेक्शन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गैंगस्टर सुंदर भाटी गैंग से बताया जा रहा है। सबसे बड़ी बात ये रही कि तीनों आरोपी ने जब माफिया अतीक और अशरफ पर गोलियों से ताबड़तोड हमला किया तो बिल्कुल ऐसा लग रहा था कि प्रोफेशनल ट्रेन थे तीनों। सुंदर भाटी वर्तमान में सोनभद्र जेल में बंद है। आशंका जताई जा रही है कि अतीक और अशरफ की हत्या जिस जिगाना पिस्टल से हुई, वह सुंदर भाटी के नेटवर्क से ही सनी को दी गई थी।
इस मामले में अब नए एंगल के खुलासे हो रहें हैं। वहीं इस दोहरे हत्याकांड का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। विपक्ष लगातार भाजपा, सीएम योगी और कानून व्यवस्था पर लगातार हमलावर है। अभी तक उमेश पाल की हत्या मामले में 6 आरोपी मारे जा चुकें हैं जिसमें अरबाज और विजय चौधरी को पुलिस ने प्रयागराज में एनकाउंटर में मार गिराया था। वहीं, अतीक के बेटे असद और गुलाम को झांसी में एनकाउंटर कर मौत की नींद सुला दिया गया था और 15 अप्रैल को माफिया अतीक और उसके भाई अशरफ को लवलेश,सनी,अरूण ने मौत के घाट उतार दिया। इस मामले में अभी अतीक की पत्नी शाइस्ता, अरमान, गुड्डू मुस्लिम और साबिर फरार हैं।

