उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र में सीबार गांव निवासी इमाम अली ने गाय से दुर्व्यवहार किया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो देखने के बाद विवेक सिंह नाम के शख्स ने रौनाही थाने में तहरीर देकर आरोपी इमाम अली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
एफआईआर दर्ज करने से इनकार
घटना के संबंध में शुरुआत में रौनाही थाना के उपनिरीक्षक रवीश कुमार जो चौकी इंचार्ज भी हैं, उनके द्वारा एफआईआर दर्ज करने से इनकार किया गया। इसके बाद लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों तक पूरे प्रकरण की जानकारी पहुंची और यहां से उपनिरीक्षक से आवश्यक धाराओं में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक ने दिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश
रौनाही थाना के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश राय को जैसे ही मामले की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल ही आरोपी इमाम अली के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 3 और 11 के तहत एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने मामले की विवेचना चौकी इंचार्ज रवीश कुमार यादव को देते हुए तत्काल ही आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
जेल भेजने की मांग
तहरीर देने वाले रौनाही क्षेत्र के निवासी विवेक ने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस के रवैये से शुरू में ऊहापोह की स्थिति बनी। बाद में रौनाही थाने में एफआईआर हो गयी। उनकी मांग है कि इमाम अली को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाये। जिससे क्षेत्र में गाय के प्रति दुर्व्यवहार करने वाले लोगों को एक संदेश मिले।

