Lucknow Bus Fire: राजधानी लखनऊ के किसान पथ पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। बेगूसराय (बिहार) से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट यात्री बस में चलते-चलते अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दो मासूम बच्चों समेत पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे के वक्त यात्री थे नींद में
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस (नं. UP17 AT 6372) जब लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में किसान पथ पर रायबरेली रोड के करीब पहुंची, तभी उसमें अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। उस समय अधिकांश यात्री नींद में थे। आग की शुरुआत होते ही बस में चीख-पुकार मच गई। अफरा-तफरी के बीच ड्राइवर और कंडक्टर बस से कूदकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद बस करीब एक किलोमीटर तक जलती हुई सड़क पर दौड़ती रही।
फंसे यात्रियों को तोड़नी पड़ी खिड़कियां
बस में करीब 80 यात्री सवार थे। आग फैलते ही कई यात्रियों ने दरवाज़ों और खिड़कियों से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन खिड़कियों में लोहे की रॉड लगी होने के कारण उन्हें काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए बस की खिड़कियों के शीशे तोड़े और अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
दमकल कर्मियों और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पीजीआई फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां और सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और झुलसे हुए लोगों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान
मारे गए पांच लोगों में तीन महिलाएं और दो मासूम बच्चे शामिल हैं:
- लक्ष्मी देवी, पत्नी अशोक मेहता, उम्र लगभग 55 वर्ष
- सोनी, पुत्री अशोक मेहता, उम्र लगभग 26 वर्ष
- देवराज, पुत्र रामलाल, उम्र लगभग 3 वर्ष
- साक्षी कुमारी, पुत्री रामलाल, उम्र लगभग 2 वर्ष
- एक अज्ञात पुरुष, जिसकी पहचान नहीं हो सकी है
प्रशासन मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी समेत प्रशासन के अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। बस का मलबा हटाया गया और यात्रियों की पूरी सूची की जांच की जा रही है। ड्राइवर और कंडक्टर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चला रही है। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आ पाएगा। हादसे के बाद बस संचालन में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बिहार के जिन परिवारों के सदस्य इस हादसे में मारे गए हैं, उन्हें सूचना दे दी गई है और शवों को पोस्टमार्टम के बाद सौंपा जाएगा।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

