LPG Price Hike: नए साल 2026 की शुरुआत आम लोगों के लिए महंगाई की खबर लेकर आई है। 1 जनवरी से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने LPG गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। खास तौर पर 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में एक साथ 111 रुपये तक का इजाफा किया गया है।
इस बढ़ोतरी के नए रेट दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत देश के सभी बड़े शहरों में लागू हो चुके हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि 14 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
1 जनवरी से लागू हुए नए रेट
1 जनवरी 2026 से कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़ने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा। माना जा रहा है कि इससे खाने-पीने की चीजों के दाम भी आगे चलकर बढ़ सकते हैं।
बड़े शहरों में कितने बढ़े दाम?
नई कीमतों के मुताबिक दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 1580.50 रुपये की जगह 1691.50 रुपये का हो गया है। कोलकाता में इसकी कीमत 1684 रुपये से बढ़कर 1795 रुपये हो गई है। मुंबई में जो सिलेंडर पहले 1531.50 रुपये में मिलता था, अब उसकी कीमत 1642.50 रुपये हो गई है। चेन्नई में इसके दाम 1739.50 रुपये से बढ़ाकर 1849.50 रुपये कर दिए गए हैं।
दिसंबर और नवंबर में मिली थी राहत
दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले दिसंबर 2025 में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम घटाए गए थे। उस समय दिल्ली और कोलकाता में 10 रुपये और मुंबई व चेन्नई में 11 रुपये तक की कटौती की गई थी।
इतना ही नहीं, नवंबर 2025 की शुरुआत में भी सिलेंडर के दाम कम हुए थे। तब दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई—चारों शहरों में कीमतों में थोड़ी-थोड़ी राहत दी गई थी।
घरेलू सिलेंडर की कीमतें जस की तस
जहां कमर्शियल सिलेंडर के दाम बार-बार बदल रहे हैं, वहीं घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतें काफी समय से स्थिर हैं। 14 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के रेट अप्रैल 2025 से अब तक नहीं बदले गए हैं।
फिलहाल दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852 रुपये और चेन्नई में 868 रुपये में मिल रहा है। नए साल की शुरुआत में कमर्शियल गैस सिलेंडर के महंगे होने से लोगों को डर है कि आने वाले दिनों में खाने-पीने और दूसरी सेवाओं के दाम भी बढ़ सकते हैं।
ये भी पढ़ें: AMU Murder Case: AMU कैंपस में सनसनीखेज वारदात, शिक्षक की गोली मारकर हत्या
ये भी देखें: Mithun Chakraborty on Bangladesh: बांग्लादेश में हो रही हिंसा पर क्या बोले मिथुन चक्रवर्ती

