कांग्रेस का गढ़ रहे अमेठी में मोहब्बत की दुकान खुलने से राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। वही अमेठी का राजनीतिक सियासी पारा गर्म हो गया है। जहाँ राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रभावित हो कर एक दुकानदार ने अपनी दुकान का नाम बदल कर मोहब्बत की दुकान रख दिया और दुकान में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की फोटो लगाकर सजाया है। वही बीजेपी ने इसे कांग्रेस और गांधी परिवार का नाटक बताया है।
मोहब्बत की दुकान खुली
गौरतलब है कि देश की राजनीतिक पटल पर चर्चित रही अमेठी में कांग्रेस का अतीत बहुत ही स्वर्णिम रहा है।अतीत में अमेठी और कांग्रेस एक दूसरे का पर्याय बन गए थे। खंड काल के परिवर्तन का असर यहां भी दिखाई दिया। बीजेपी की सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की एंट्री ने अमेठी में कांग्रेस का किला ढहा दिया था।अमेठी के साथ पूरे देश में कांग्रेस का जनाधार कम होता गया। फिलहाल कांग्रेस ने कर्नाटक में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लडा और कांग्रेस को कर्नाटक में ऐतिहासिक जीत भी मिली और वही यूपी में निकाय चुनाव के परिणाम भी उसी दिन आए थे और कर्नाटक के साथ निकाय चुनाव के परिणाम से अमेठी में भी आशा की किरण जगी थी।
इस बार अमेठी में कांग्रेस ने अपना खाता खोलते हुए नगरपालिका जायस की सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी ने 3500 वोटों से जीत दर्ज कराई थी।अब इस जीत से उत्साहित होकर और राहुल गांधी कि भारत जोड़ो यात्रा से प्रभावित होकर अमेठी में मोहब्बत की दुकान खुल गई है। बता दें कि राहुल गांधी अपने भाषण में अक्सर कहते हैं कि हम लोग मोहब्बत का पैगाम लेकर आए हैं। विपक्ष पर नफरत फैलाने का आरोप भी लगाते रहते हैं। ऐसे में अमेठी के जायस कस्बे में एक दुकानदार ने अपनी दुकान का नाम बदलकर मोहब्बत की दुकान खोल दिया है।
निराला स्वीट्स से हुआ मोहब्बत की दुकान
दुकानदार रिजवान ने बताया कि मेरी मिठाई व लस्सी की दुकान है। हम यह मैसेज देना चाहते हैं ।पूरे देश में प्रदेश की गलियों में इस तरह की मोहब्बत की दुकानें खुलनी चाहिए। जिससे लोगों के अंदर भाईचारा और मोहब्बत बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि हमारी दुकान निराला स्वीट्स के नाम से थी। और हम राहुल गांधी की यात्रा में गाजियाबाद गये थे। जहां पर राहुल गांधी ने बोला था कि अब मोहब्बत की दुकान खोली जाएगी। जिससे मैं प्रभावित हो गया। और अपनी दुकान का नाम मोहब्बत की दुकान रख दिया है। लोगों की हमारे यहां भीड़ लगी है। इसका अच्छा मैसेज भी जा रहा है।
भाजपा ने बताया कांग्रेस का नाटक
वही भाजपा के मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी ने बताया कि यह कांग्रेस का नाटक है। मोहब्बत तो उसी दिन शुरू हो गई थी जिस दिन स्मृति ईरानी ने कदम रखा था। अमेठी में मोहब्बत की दुकान की जरूरत नहीं है। यहां पर मोहब्बत की दुकान चल रही है। यहां पर कोई दंगा नहीं है, कोई फसाद नहीं है। यहां पर अराजक तत्व अभी नहीं है। यहां पर पूरा एकतरफा विकास हो रहा है।
यहां पर ओवरब्रिज और बाईपास बन रहे हैं। यहां पर चारों तरफ विकास हो रहा है। नफरत की बात केवल गांधी परिवार और राहुल गांधी करते है। यही देश के आजादी के बाद बांटते आए हैं। अब वह बातें खत्म हो चुकी हैं। 2024 में इसका कोई असर नहीं पड़ने वाला, जनता जागरूक है। इन्होंने अमेठी छोड़कर वायनाड चुना है। अब यहां की जनता उनको भूल चुकी है।उन्होंने कहा की जो छोटे-मोटे कार्यकर्ता बचे हैं वह भी गायब हो जाएंगे।

