Loksabha Election 2024: यूपी के मथुरा से भाजपा की दो बार की सांसद हेमा मालिनी के ग्लैमर को चुनौती देने के लिए कांग्रेस ने अब मथुरा लोकसभा सीट से अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज विजेंदर सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है. कांग्रेस अपने इस कदम से जिले के जाट मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित कर भाजपा को झटका देने की कोशिश कर रही है। गौरतलब है कि इंडिया अलायंस में मथुरा लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में आई है. यहां से चुनावी मैदान में उतरने के लिए बॉक्सर विजेंदर सिंह को चुना गया है. विजेंदर सिंह ने पिछली बार दिल्ली से लोकसभा चुनाव लड़ा था.
2014 के लोकसभा चुनाव में हेमा मालिनी ने आरएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी को करीब तीन लाख वोटों से हराया था. इसी तरह 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने आरएलडी के कुंवर नरेंद्र सिंह को रिकॉर्ड वोटों से हराया. ऐसा तब भी हुआ जब मथुरा को रालोद का गढ़ माना जाता था। एक समय बेहतर लोकप्रियता वाली पार्टी रही कांग्रेस जहां पिछले कुछ चुनावों में हाशिए पर चली गई है, वहीं विजेंदर सिंह के चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो जाएगा.
हाई प्रोफाइल मथुरा सीट:
मथुरा संसदीय सीट हमेशा से ही हाईप्रोफाइल मानी जाती रही है, कभी चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के कद को लेकर तो कभी राजनीतिक समीकरणों को लेकर। इस बार चुनाव और भी हाई प्रोफाइल हो गया है क्योंकि कांग्रेस ने हेमा मालिनी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त खिलाड़ी को मैदान में उतारा है.
जाट मतदाताओं को लुभाने की कोशिश:
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे के साथ बैठक के बाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष चौधरी भगवान सिंह वर्मा ने खुलासा किया कि बॉक्सर चौधरी विजेंद्र सिंह लोकसभा के उम्मीदवार होंगे. विजेंदर सिंह बेनीवाल जाट हैं. मथुरा लोकसभा क्षेत्र में बेनीवाल जाटों की अच्छी खासी आबादी है.

