Liquor policy scam case: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छठी बार समन जारी किया है, लेकिन वह पेश नहीं हुए। इस पर सीएम केजरीवाल की प्रतिक्रिया आई है. सोमवार को मीडिया से बात करते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा, “जो भी कानून सम्मत है, हम उसका जवाब दे रहे हैं. उन्होंने (ईडी) केस दर्ज किया है. हमें उसके नतीजों का इंतजार करना चाहिए. कोई भी नया समन भेजने से पहले ईडी को कोर्ट के फैसले का इंतजार करना चाहिए.”
कथित शराब घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पहली बार नवंबर 2023 में तलब किया गया था। उसके बाद 21 दिसंबर, फिर 3 जनवरी, 17 जनवरी और फिर 2 फरवरी को समन जारी किया गया था, लेकिन वह पिछले पांचों समान पर पेश नहीं हुए थे। हर बार आम आदमी पार्टी ने समन को अवैध और राजनीति से प्रेरित बताया था, जिसके बाद आखिरकार ईडी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और फिर 17 फरवरी को सीएम केजरीवाल वर्चुअली कोर्ट में पेश हुए.
“हम कुछ नहीं छिपा रहे हैं” – प्रियंका कक्कड़
इस बीच, पार्टी प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, “देखिए, कोई लुकाछिपी नहीं है। हमने हर बार समन का जवाब दिया है। ईडी ने सीएम केजरीवाल के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया है। अदालत में पिछली तारीख 17 फरवरी थी, जिस पर वह वर्चुअली पेश हुए थे। अगली तारीख 16 मार्च की तारीख है और वह तब भी पेश होंगे। ईडी को इंतजार करना चाहिए था। यह गलत है। कानून के तहत ईडी कोर्ट में गई है। कोर्ट जो कहेगा हम उसका पालन करेंगे। ईडी को नया समन भेजने से पहले इंतजार करना चाहिए था ।”
इस बीच, ईडी के समन से बार-बार बच निकलने पर विपक्षी बीजेपी ने आरोप लगाया है. बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘दिल्ली के मुख्यमंत्री न सिर्फ भ्रष्टाचार के मामले में नंबर वन हैं बल्कि भगोड़े भी नंबर वन हैं.’

