उत्तर प्रदेश एटीएस ने केरल के कोझिकोड में ट्रेन यात्रियों पर केमिकल डालकर आग लगाने के मामले में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी संदिग्ध आरोपित को हिरासत में लिया है। एटीएस उस संदिग्ध आरोपित को अज्ञात जगह ले जाकर पूछताछ कर रही है। बता दें कि संदिग्ध आरोपित के माता-पिता ने कहा कि उसका बेटा करीब दो महीने से घर में मौजूद है। वह दो महीने से बाहर नहीं गया है। वह कभी केरल गया ही नहीं है। उसके माता-पिता ने कहा कि उसके बेटे को फंसाया जा रहा है। पुलिस को इस मामले की ठीक से जांच करनी चाहिए।
बता दें कि केरल के कोझिकोड में दो अप्रैल की रात एक एक्सप्रेस ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर कुछ यात्रियों से विवाद हुआ था। विवाद के बाद इसमें से एक युवक ने केमिकल डालकर कोच में आग लगा दी। आग के कारण इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और कुछ यात्री झुलस गए ।
गौरतलब है कि जांच के दौरान केरल पुलिस को घटनास्थल से एक बैग में मोबाइल मिला। उसी मोबाइल के जरिए संदिग्ध व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले 24 वर्षीय युवक के रूप में हुई। केरल पुलिस ने संदिग्ध का स्केच भी जारी किया था। इसके बाद केरल पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क साधा। केरल पुलिस की ओर से मिले इनपुट पर यूपी एटीएस की गाजियाबाद यूनिट ने सोमवार शाम को बुलंदशहर जिले के स्याना कस्बे से शाहरुख नाम के व्यक्ति को पकड़ा। उससे पूछताछ जारी है।

