रामनवमी पर देश के अलग अलग हिस्सों में हुई हिंसा और दंगों को लेकर अब सियासत तेज हो गयी है। हर रोज पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर निशाना साध रही है। राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सभी विपक्षी दलों ने अब इस मुद्दे पर बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया है और इसे लोकसभा चुनाव से जोड़ा जा रहा है।
अब इस मुद्दे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है। खड़गे ने भाजपा पर दंगा भड़काने और ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा को पता चलता है कि वह कमजोर हो रही है तो वह दंगे भड़काती हैं और लोगों का ध्रुवीकरण करती हैं। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का कारनामा है।
बता दें कि इससे पहले उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने भी रामनवमी पर देश भर में हुए हिंसा को लेकर भाजपा पर निशाना साधा था। संजय राउत ने कहा कि बंगाल में हो रही हिंसा योजनाबद्ध, प्रायोजित और भाजपा की लक्षित है। जहां भी चुनाव नजदीक हैं और बीजेपी को अपने नुकसान का डर है या जहां बीजेपी सरकार कमजोर है वहां दंगे होते हैं।
कांग्रेस लगातार बीजेपी पर हमलावर
बिहार में हो रहे हिंसा को लेकर कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने इससे पहले कहा था कि जो कुछ भी इन दिनों बिहार में हो रहा है वो 1989 में हुए दंगों की याद दिला रहा है। उस दंगे में ना जाने कितने लोगों की जान चली गई थी। कितने बेगुनाह मारे गए थे जिन्हें अब तक इंसाफ नहीं मिल पाया है और बीजेपी एक बार फिर बिहार में वैसे ही दंगा कराने का मंसूबा बना रही है। उन्होंने भी इसे 2024 और 2025 में होने वाले चुनाव से जोड़ा था।

