Khan Sir Marriage: देश के चर्चित शिक्षक और यूट्यूब पर लाखों युवाओं के आइडल खान सर की शादी के बाद का रिसेप्शन समारोह आखिरकार सामने आ गया है। खास बात यह रही कि इस मौके पर खान सर की पत्नी की पहली तस्वीरें और वीडियोज भी सामने आए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
पहली बार सामने आईं खान सर की पत्नी
खान सर की पत्नी ने इस रिसेप्शन के दौरान पहली बार सार्वजनिक रूप से शिरकत की। उन्होंने लाल रंग का भारी कढ़ाई वाला पारंपरिक लहंगा पहना था और उनके चेहरे पर हल्का सा घूंघट था। उनकी सादगी और गरिमा ने हर किसी को आकर्षित किया।
वहीं, खान सर भी ब्लैक सूट, गुलाबी शर्ट और रेड टाई में बेहद स्मार्ट नजर आए। एक वीडियो में वो अपनी पत्नी का हाथ पकड़कर स्टेज तक लाते दिखे, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया।
शादी के बाद अब रिसेप्शन की तस्वीरें वायरल
शादी की सादगी के बाद अब खान सर ने डानापुर के शगुन मोड़ स्थित पनाचे बैंक्वेट में ग्रैंड रिसेप्शन का आयोजन किया। पूरे वेन्यू को रंग-बिरंगी लाइटों और खूबसूरत फूलों से सजाया गया था। इस आयोजन की तस्वीरें और वीडियोज अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।
देशहित में की थी सादगी से शादी
मई महीने में जब खान सर ने शादी रचाई थी, तब भारत-पाक तनाव के चलते उन्होंने इसे बेहद सादगी से संपन्न किया। बाद में उन्होंने लाइव क्लास के दौरान अपने विद्यार्थियों को यह खबर साझा की थी। उन्होंने कहा था कि देशहित में निजी जश्न को सीमित रखना ज़रूरी था।
छात्रों को किया याद, 6 जून को विशेष भोज का ऐलान
रिसेप्शन के दौरान खान सर ने अपने छात्रों को भी याद किया। उन्होंने घोषणा की कि 6 जून को विद्यार्थियों के लिए विशेष भोज आयोजित किया जाएगा। यह घोषणा सुनकर छात्रों में खासा उत्साह है।
बड़ी हस्तियों की मौजूदगी ने बढ़ाई शान
इस रिसेप्शन में कई नामी हस्तियों ने भी शिरकत की। इनमें बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और केंद्रीय मंत्री राज भूषण निषाद प्रमुख थे। इनकी उपस्थिति ने आयोजन को और भी खास बना दिया।
निजी जिंदगी को सीमित रखने का फैसला
शादी की जानकारी देने के बाद छात्रों ने जब खान सर से उनकी पत्नी की तस्वीर साझा करने की मांग की, तो उन्होंने नम्रता से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि निजी जीवन को सीमित रखना बेहतर है, लेकिन अब जब उनकी पत्नी की तस्वीर सामने आई है, तो फैंस खुशी से झूम उठे हैं।
मां की इच्छा और देश के प्रति जिम्मेदारी का अद्भुत संतुलन
खान सर ने यह भी बताया था कि शादी की तारीख पहले से तय थी और मां की इच्छा के चलते उसे टालना संभव नहीं था। लेकिन देशहित में उन्होंने जश्न को सीमित किया। इस भावना ने एक बार फिर उन्हें लोगों का चहेता बना दिया है।
ये भी पढें : Delhi Weather: दिल्ली में बदला मौसम बारिश का येलो अलर्ट जारी, धूल भरी आंधी और तेज़ हवाओं ने दी गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics: क्या बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे चिराग पासवान? जानिए उन्होंने क्या कहा

