गुजरात के सूरत के सेशन कोर्ट ने राहुल गांधी को लेकर आज एक बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने राहुल गांधी को मानहानि केस में दोषी करार देते हुए उन्हें दो साल की सजा सुनाई है। हालांकि, कोर्ट ने 30 दिन तक सजा पर रोक के साथ राहुल गांधी को जमानत भी दे दी है।
अब इस मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल भाजपा पर निशाना साध रही है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कोर्ट से मिली सजा पर कहा कि गैर भाजपा नेताओं और पार्टियों पर मुकदमे करके उन्हें खत्म करने की साज़िश हो रही है।
केजरीवाल ने कहा कि हमारे कांग्रेस से मतभेद हैं मगर राहुल गांधी जी को इस तरह मानहानि मुकदमे में फसाना ठीक नहीं। जनता और विपक्ष का काम है सवाल पूछना। हम अदालत का सम्मान करते हैं पर इस निर्णय से असहमत हैं।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान राहुल गांधी ने कर्नाटक के कोलार में चुनावी भाषण के दौरान ‘मोदी सरनेम’ के खिलाफ टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि “कैसे सभी चोरों का सरनेम मोदी है?” इस टिप्पणी के बाद भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने दावा किया था कि इस टिप्पणी के जरिए पूरे मोदी समुदाय को बदनाम किया गया।

