आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी मौजूद रहे। बता दें कि केंद्र द्वारा दिल्ली के एलजी के अधिकारों और उपराज्यपाल को प्रशासक के तौर पर नामित करने वाले अध्यादेश के खिलाफ समर्थन मांगने के लिए केजरीवाल हैदराबाद पहुंचे हैं।
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने हैदराबाद पहुंचकर सीएम राव से मुलाकात कर केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ लड़ाई पर उनका समर्थन मांगा। इस दौरान चंद्रशेखर राव ने केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार से कहा कि हम प्रधानमंत्री से मांग करते हैं कि वह अध्यादेश वापस लें, नहीं तो हम सभी केजरीवाल का समर्थन करेंगे। हम उनके साथ खड़े रहेंगे। हम अध्यादेश को नाकाम करने के लिए लोकसभा और राज्यसभा में अपनी पूरी ताकत लगा देंगे।अनावश्यक रूप से इसे मुद्दा न बनाएं। सरकार को काम करने दीजिए।
प्रधानमंत्री मोदी को यह अध्यादेश वापस लेना चाहिए
उन्होंने कहा कि मोदी नीत सरकार ने अध्यादेश लाकर दिल्ली की जनता का अपमान किया है। मैं बिना किसी संदेह के कह सकता हूं कि यह दिल्ली के लोगों का अपमान है। तेलंगाना के सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को यह अध्यादेश वापस लेना चाहिए। देश में जो कुछ भी चल रहा है। वह समय आपातकाल के दिन से भी बदतर है। साथ ही उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लोगों द्वारा चुनी गई जनता की सरकार को काम करने की अनुमति नहीं दे रही है।
सीएम केजरीवाल ने कहा कि जिस देश का पीएम सुप्रीम कोर्ट को नहीं मानता है, देश के लोग न्याय के लिए कहां जाएंगे। अध्यादेश लाकर सारी पावर छीन ली। आप (मोदी) माफी के सौदागर हैं। प्रधानमंत्री जी दिल्ली के लोगों को चैलेंज कर रहे हैं। वहां पर विधायक खरीद लेते हैं, सरकार गिरा देते हैं, या विधायक तोड़ देते हैं या फिर गवर्नर का गलत इस्तेमाल करके सरकार को काम करने नहीं देते हैं। दिल्ली में आप बहुत लोकप्रिय है। पार्टी तीन बार चुनाव जीती है। दिल्ली में हुए नगर निकाय चुनाव में आप की जीत हुई लेकिन बीजेपी ने अड़ंगेबाजी की।

