गाजियाबाद के औषधि विभाग और मोदीनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोविंदपुरी कॉलोनी में छापा मारकर लगभग 50 लाख रुपये की नकली दवाइयां बरामद की है। नकली दवाइयों का काम करने वाला मास्टर माइंड रवि कुमार मौके से फरार हो गया, जबकि उसके पिता रुपचंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। औषधि विभाग के अधिकारी देर रात तक कार्रवाई में लगे रहे। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के पिता से दवाइयों के बारे में इनकी सप्लाई और बनाने वाली कंपनी के बारे में पूछताछ की।
बता दें कि जिला औषधि निरीक्षक अनुरोध कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि मोदीनगर के गोविंदपुरी में बड़े स्तर पर नकली दवाइयों का कारोबार हो रहा है। पुलिस के साथ छापेमारी की गई तो वहां पर बडे़ पैमाने पर दवाइयों का स्टॉक मिला। इन दइवायों का न कोई लाइसेंस था और न ही इनका कोई रिकार्ड पाया गया। छापा मारने पर टीम को बड़ी मात्रा में नकली दवाएं बरामद हुई।
गौरतलब है कि गिरोह नकली दवाओं को व्यापक स्तर पर थोक विक्रेता तथा फुटकर दुकानदारों को सप्लाई कर रहा था। टीम काफी समय से गिरोह के पीछे लगी थी। उन्होंने बताया कि गिरोह बड़े स्तर पर सात ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली दवाइयां बनाकर बेचते थे। कार्रवाई के औषधि निरीक्षक आशुतोष मिश्रा, राजकुमार सहित अन्य लोग देर रात तक कार्रवाई में लगे थे।

