Jaunpur Triple Murder: सोमवार सुबह एक दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। थाना जफराबाद क्षेत्र के नेवादा अंडरपास के पास स्थित ‘लालजी भैया वेल्डिंग वर्क्स एंड इंजीनियरिंग’ नामक दुकान में सो रहे पिता और उनके दो बेटों की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई।
खून से सनी दुकान में मिले तीनों के शव
सुबह दुकान के बाहर खून फैला देखा गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को दुकान के अंदर तीनों के निशानदेही के साथ खून से लथपथ शव मिले। मृतकों की पहचान लालजी, गुड्डू और राजवीर के रूप में हुई है।
रात में नहीं उठा फोन, सुबह पहुंचने पर सामने आया खौफनाक मंजर
परिजनों ने बताया कि रात में बहन अपने पति गुड्डू को कॉल कर रही थी, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। सुबह जब परिवार के सदस्य दुकान पर पहुंचे तो देखा कि बाहर खून ही खून फैला था और अंदर सभी मृत पड़े थे। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
पुरानी दुकान को लेकर चल रहा था विवाद
परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का शक जताया है। उन्होंने बताया कि पुरानी दुकान को लेकर कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के कारण यह हत्या की गई हो सकती है।
Jaunpur Triple Murder में CCTV का डीबीआर भी ले गए हमलावर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ कुमार ने बताया कि दुकान से चार मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं। खास बात यह है कि हमलावर सीसीटीवी के डीबीआर को चाभी से खोलकर अपने साथ ले गए, जिससे यह शक गहराता है कि हमलावर पीड़ितों के जानकार हो सकते हैं।
पुलिस ने बनाई विशेष जांच टीम, जल्द होगा खुलासा
पुलिस ने इस तीनहरी हत्या की वारदात की जांच के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश किया जाएगा।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इलाके में तनाव का माहौल है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें : DIA Report: US DIA रिपोर्ट में भारत, चीन और पाकिस्तान के रिश्तों पर बड़ा खुलासा
ये भी देखें : Bihar Politics: लालू के लाल की पोस्ट ने मचाया बवाल!,फिर क्यों पलट गए तेजप्रताप? Niwan Times |

