Jaunpur News : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस बर्बरता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र पर एक युवक को थाने में खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह दिलिप कुमार सिंह को नए थानाध्यक्ष के रूप में तैनात किया गया है।
क्या है मामला?
घटना मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के हेमापुर तरहठी गांव की है। यहां के निवासी तौफीक पुत्र फारूक अहमद का अपने ही परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद में दूसरे पक्ष के मुजाहिद ने शनिवार को थाने पहुंचकर तौफीक के खिलाफ मारपीट व गाली-गलौज का मामला दर्ज कराया।
तौफीक का आरोप है कि पुलिस बिना कोई पूछताछ किए उसे घर से जबरन उठाकर थाने ले आई और वहां थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने उसे खंभे से बांधकर करीब आधे घंटे तक बेल्ट से पीटा। तौफीक ने बताया कि वह इस पिटाई से बेहोश हो गया था, होश में आने के बाद उसे फिर से पीटा गया, इस बार लकड़ी व प्लास्टिक की कुर्सी से भी हमला किया गया।
वीडियो वायरल, पुलिस महकमे में हड़कंप
थाने के अंदर हुई इस बर्बरता का किसी ने वीडियो बना लिया, जो जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवक को खंभे से बांधकर पीटे जाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद जनता में आक्रोश फैल गया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।
SP डॉ. कौस्तुभ की त्वरित कार्रवाई
वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने आरोपी थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया और मुंगराबादशाहपुर थाने की कमान दिलिप कुमार सिंह को सौंप दी। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस बर्बरता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और मामले की जांच की जा रही है।
26000 रुपये लेकर पिटाई का आरोप
पीड़ित तौफीक ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसे पीटने के एवज में दूसरे पक्ष से 26,000 रुपये लिए। अगर यह आरोप सही पाया गया, तो यह मामला सिर्फ पुलिस बर्बरता का ही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का भी उदाहरण बन सकता है।
जनता में रोष, न्याय की मांग
इस घटना ने जौनपुर में पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग पीड़ित को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें : Delhi : दिल्ली से जम्मू-कश्मीर तक गूंजा आतंकवाद के खिलाफ आक्रोश, कारोबारियों ने दिल्ली बंद का किया ऐलान
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

