मुंबई इंडियंस के स्टार ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या और हार्दिक पांड्या इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें संस्करण के शेष बचे सीजन के लिए अबू धाबी में टीम के शिविर में शामिल हो गए हैं। आईपीएल का 14वां सीजन, जिसे इस साल मई में कोविड-19 महामारी के मद्देनजर स्थगित कर दिया गया था, 19 सितंबर को दुबई में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबले से शुरू होगा।
मुंबई इंडियंस ने ट्वीट किया, “हमारे पांड्या बंधु आ गए।” मुंबई इंडियंस और सीएसके की टीम इस महीने की शुरुआत में यूएई पहुंच गई है और ट्रेनिंग शुरू कर दी है।
19 सितंबर को मैच के बाद, आईपीएल के मैच अबू धाबी में स्थानांतरित हो जाएंगे, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मुकाबला खेला जाएगा। आईपीएल 14 के दूसरे चरण के कुल 13 मैच दुबई में, 10 शारजाह में और 8 अबू धाबी में खेले जाएंगे।

