नोएडा पुलिस ने शनिवार को जानकारी दी कि अगाहपुर गांव में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में ढाई साल के बच्चे की मौत के मामले में मुख्य आरोपी हितेश उर्फ हैप्पी (25) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गुरुग्राम के डीएलएफ फेज 3 इलाके के नाथूपुर गांव से पकड़ा गया है। उसके पास से एक देसी पिस्तौल भी बरामद की गई है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 16 फरवरी की रात करीब 10 बजे की है। अगाहपुर गांव में बलवीर सिंह के घर से बारात निकल रही थी, तभी शादी का जश्न मनाने के दौरान हितेश और उसके साथी दीपांशु ने हर्ष फायरिंग की। उसी समय विकास शर्मा अपने परिवार के साथ बालकनी से बारात देख रहे थे। अचानक एक गोली उनके ढाई साल के मासूम बेटे को लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पहले ही गिरफ्तार हो चुका है एक आरोपी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही दीपांशु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वहीं, मुख्य आरोपी हितेश घटना के बाद से फरार था, जिसे अब पुलिस ने पकड़ लिया है।
ये भी पढें..
Noida: भीड़ प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन सख्त, 10 मॉल संचालकों को दोबारा भेजा नोटिस
किस धारा के तहत दर्ज हुआ मामला?
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नोएडा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) सुमित कुमार शुक्ला ने कहा कि आरोपी को शनिवार को नोएडा के सेक्टर 47 से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक देसी तमंचा बरामद किया गया है। फिलहाल, पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

