Indian Railway: भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव का असर अब यात्रियों पर भी नजर आने लगा है। सीमा पार से हो रही फायरिंग और ड्रोन हमलों के कारण उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ जाने वाले यात्री अपनी यात्राएं रद्द कर रहे हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए अब तक 1882 यात्रियों ने अपनी ट्रेन टिकटें रद्द करवा दी हैं।
सीमाई क्षेत्रों में हालात नाजुक
मिली जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान के सीमाई क्षेत्रों में ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए हैं। जवाब में भारतीय सेना ने भी कड़ा रुख अपनाया है। इस तनावपूर्ण स्थिति के कारण गर्मियों की छुट्टियों में पर्यटन, धार्मिक और निजी कार्यों के लिए इन इलाकों की यात्रा की योजना बनाने वाले लोग अब पीछे हट रहे हैं।
लखनऊ से रोजाना हजारों यात्री करते हैं जम्मू की ओर रुख
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि लखनऊ से जम्मू के लिए अमरनाथ एक्सप्रेस, कोलकाता-जम्मूतवी, बेगमपुरा और माता वैष्णो देवी एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें चलती हैं। रोजाना औसतन 1500 यात्री लखनऊ से जम्मू की यात्रा करते हैं। इसी तरह, लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस और लखनऊ जंक्शन-चंडीगढ़ एक्सप्रेस से चंडीगढ़ के लिए भी अच्छी संख्या में यात्री सफर करते हैं। लेकिन हालिया घटनाओं के चलते इन मार्गों पर यात्री संख्या में गिरावट आई है।
IRCTC के जरिए हो रहे टिकट रद्द
सूत्रों के मुताबिक, जिन यात्रियों ने आने वाले दिनों में जम्मू और चंडीगढ़ के लिए टिकट बुक किए थे, उनमें से 1882 ने अपनी बुकिंग रद्द करवा ली है। अधिकतर कैंसिलेशन IRCTC एप के माध्यम से हुए हैं। वहीं, चारबाग और अन्य रेलवे स्टेशनों के रिजर्वेशन काउंटरों पर भी टिकट रद्द कराने वालों की भीड़ देखी गई।
अमरनाथ यात्रा को लेकर बना हुआ है उत्साह
हालांकि, बॉर्डर पर तनावपूर्ण माहौल के बावजूद अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। बड़ी संख्या में लोग यात्रा की तैयारियों में लगे हुए हैं और प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रिय है। फिलहाल, सीमाई इलाकों में बनी गंभीर स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

