INDI Alliance Rally: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में विपक्षी दल आज दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली का आयोजन कर रही हैं। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, शिव सेना (यूबीटीआई) प्रमुख उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कई प्रमुख नेता I.N.D.I.A गठबंधन के हिस्से के रूप में रैली में शामिल होंगे।
दिल्ली सरकार में मंत्री और आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता गोपाल राय ने जानकारी दी कि प्रशासन ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 20 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति वाली रैली आयोजित करने की इजाजत दे दी है। आप नेता गोपाल राय ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ‘महारैली’ को संबोधित करेंगी या नहीं, इसका फैसला बाद में लिया जाएगा।
रैली में हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना भी रहेंगी मौजूद
आप नेताओं ने रैली में तृणमूल कांग्रेस नेता डेरेक ओ ब्रायन, डीएमके नेता तिरुचि शिवा, नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फारूक अब्दुल्ला के शामिल होने की भी पुष्टि की। इसके अलावा उन्होंने बताया कि रैली में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी शामिल होंगी. बता दें कि फिलहाल, हेमंत सोरेन जेल में हैं. पार्टी के अधिकारियों ने यह भी कहा कि वे पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती के संपर्क में हैं, जो रैली में भी भाग ले सकती हैं।
”रैली का उद्देश्य संविधान की रक्षा करना”
इस बीच, कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि रामलीला मैदान में होने वाली विपक्षी गठबंधन की रैली, जिसका नाम ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ है, का उद्देश्य किसी व्यक्ति का बचाव करना नहीं बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना है। कांग्रेस ने कहा कि रविवार की रैली लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर एक “कड़ा संदेश” भेजेगी कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का समय समाप्त हो गया है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रैली पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता रैली को संबोधित करेंगे. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह किसी व्यक्ति विशेष पर केंद्रित रैली नहीं है बल्कि इसे ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली करार दिया. उन्होंने कहा कि इस रैली में ‘इंडिया’ गठबंधन की लगभग 27-28 पार्टियां हिस्सा लेंगी.

