IND vs NZ 1st Test: रचिन रविंद्र पहली पारी में भारत के लिए दीवार बन गए हैं, उन्होंने बेंगलुरु टेस्ट मैच में शतक जड़कर टीम इंडिया को बैकफुट पर ला दिया है। टेस्ट क्रिकेट में यह उनका दूसरा शतक है। रविंद्र ने 124 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया, इस दौरान उन्होंने 11 चौके और 2 छक्के लगाए। अब वह भारतीय धरती पर शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के 21वें क्रिकेटर हैं।
तीसरे दिन रविंद्र ने 34 गेंदों पर 22 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। एक छोर पर विकेट गिरते रहे, तो दूसरे छोर पर रविंद्र संभलकर खेलते रहे। बेंगलुरु टेस्ट के शुरुआती सेशन में डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, मैट हेनरी और टॉम ब्लंडेल ने अपने विकेट गंवा दिए। इस बीच रविंद्र को टिम साउथी का साथ मिला और तीसरे दिन लंच तक उन्होंने 122 रनों की साझेदारी कर ली थी, जिसमें साउथी ने 49 रन बनाए।
12 साल में पहला शतक
रचिन रविंद्र 2012 के बाद से भारत में शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज भी हैं। 2012 में रॉस टेलर ने 113 रनों की पारी खेली थी और संयोग से वह मैच भी बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेला गया था। रविंद्र का इस मैदान से खास जुड़ाव है, क्योंकि उन्होंने 2023 वनडे विश्व कप के दौरान इसी मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ शानदार 108 रनों की पारी भी खेली थी।
बता दें कि उन्होंने 2021 में कानपुर में भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया। अपने छोटे से टेस्ट करियर में अब तक उन्होंने 19 पारियों में दो शतक लगाए हैं। उनका पहला शतक इसी साल फरवरी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आया था, जब उन्होंने 240 रनों का शानदार दोहरा शतक लगाया था। रविंद्र ने अब अपने टेस्ट करियर में 700 से ज्यादा रन बनाए हैं और 10 विकेट भी लिए हैं।

