IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापत्तनम में खेला जाने वाला दूसरा टेस्ट मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है. तीसरे दिन टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 399 रनों का लक्ष्य दिया. जवाब में इंग्लिश टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट के नुकसान पर 67 रन बना लिए है. हैरानी की बात यह है कि इंग्लैंड ने इस स्कोर को महज 14 ओवर में ही हासिल कर लिया. अब टीम इंडिया को जीत के लिए 9 विकेट और लेने हैं, जबकि इंग्लिश मेहमानों को 332 रन बनाने हैं.
चौथे दिन इंग्लैंड की ओर से आक्रामक क्रिकेट खेल देखने को मिल सकता है, जिसे बैजबॉल के नाम से जाना जाता है। ऐसे में भारतीय स्पिनरों और इंग्लिश बल्लेबाजों के बीच रोमांचक जंग की उम्मीद की जा सकती है. हालांकि, इंग्लैंड के लिए 399 रनों के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होगा, क्योंकि भारत में इससे पहले किसी भी टीम ने इतना बड़ा लक्ष्य हासिल नहीं किया है.
2008 में टीम इंडिया ने इतिहास रचा
भारतीय धरती पर सबसे ज्यादा रन चेज़ करने का रिकॉर्ड टीम इंडिया के नाम है. 2008 में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 387 रनों के लक्ष्य का पीछा किया था. अब देखना यह है कि इंग्लिश टीम दूसरी पारी में कैसा प्रदर्शन करती है. ब्रेंडन मैकुलम के इंग्लैंड के कोच बनने के बाद से टीम आक्रामक क्रिकेट (बैजबॉल) खेलने के लिए जानी जाती है, लेकिन वे अभी तक इतना बड़ा लक्ष्य हासिल नहीं कर पाए हैं।
भारतीय पारी 255 रन पर सिमटी
पहली पारी में 143 रन की बढ़त हासिल करने के बाद टीम इंडिया दूसरी पारी में 255 रन ही बना सकी. भारत के लिए दूसरी पारी में शुभमन गिल ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 104 रन बनाए. गिल ने अपनी पारी में 11 चौके और 2 छक्के लगाए। टेस्ट क्रिकेट में गिल का यह तीसरा शतक है.
पहली पारी में यशस्वी जयसवाल का शानदार प्रदर्शन
इससे पहले यशस्वी जयसवाल ने पहली पारी में दोहरा शतक लगाया था. अपनी ऐतिहासिक पारी में जयसवाल ने 19 चौके और 7 छक्के लगाए. हालांकि, उनके अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज पहली पारी में खास स्कोर नहीं बना सका. पहली पारी में यशस्वी जयसवाल ने 209, शुभमन गिल ने 34, रजत पाटीदार ने 32 और अक्षर पटेल ने 27 रन बनाए.

