IND vs ENG 4th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों के सीरीज का चौथा मुकाबला रांची में खेला जा रहा है. इस टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया है. बता दें कि दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत का स्कोर 7 विकेट के नुकसान पर 219 रन है. इस तरह भारतीय टीम पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड से अब भी 134 रनों से पीछे चल रही है. दिन का खेल खत्म होने पर ध्रुव जुरेल और कुलदीप यादव नाबाद लौटे। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल 30 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं. वहीं, कुलदीप यादव 17 रन बनाकर खेल रहे हैं.
सबसे सफल गेंदबाज़ रहे शोएब बशीर
शोएब बशीर ने 4 भारतीय बल्लेबाजों के विकेट लिए हैं। टॉम हॉर्स्ले को 2 सफलताएं मिलीं जबकि जिमी एंडरसन ने 1 विकेट लिया.
भारतीय बल्लेबाजों का फ्लॉप शो…
इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी 353 रन पर समाप्त हुई. जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए. जब रोहित आउट हुए उस समय भारत का स्कोर 4 रन था. हालांकि इसके बाद यशस्वी जयसवाल और शुभमन गिल के बीच अच्छी साझेदारी हुई. दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 82 रन जोड़े. लेकिन फिर भारतीय बल्लेबाज नियमित अंतराल पर पवेलियन लौटने लगे.
शोएब बशीर के आगे घुटने टेके भारतीय बल्लेबाज़
शुभमन गिल 38 रन बनाकर शोएब बशीर का शिकार बने. रजत पाटीदार ने एक बार फिर निराश किया. रजत पाटीदार 17 रन बनाकर शोएब बशीर की गेंद पर पवेलियन लौटे. फिर बशीर ने रवींद्र जड़ेजा का विकेट लिया. जबकि सरफराज खान टॉम हार्टले की गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने एक छोर मजबूती से संभाले रखा। ध्रुव जुरेल को कुलदीप यादव का अच्छा साथ मिला. ध्रुव जुरेल और कुलदीप यादव के बीच आठवें विकेट के लिए 42 रनों की अहम साझेदारी हो चुकी है.
रांची टेस्ट में अब तक क्या हुआ?
इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी 353 रन पर समाप्त हुई. इंग्लैंड की ओर से जो रूट ने शानदार शतकीय पारी खेली. जो रूट ने 122 रन बनाए और नाबाद लौटे. ओली रॉबिन्सन ने 58 रनों की अहम पारी खेली. इस बीच भारत की ओर से रवींद्र जड़ेजा सबसे सफल गेंदबाज रहे. रवींद्र जडेजा ने 4 इंग्लिश बल्लेबाजों के विकेट लिए। आकाश दीप को 3 सफलताएं मिलीं. मोहम्मद सिराज ने 2 विकेट लिए. रवि अश्विन ने 1 विकेट लिया.

