IND Vs BAN: चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश को 280 रनों से हराकर टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की। इस जीत में भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल का प्रदर्शन किया। अश्विन ने न केवल शतक जड़ा बल्कि 6 विकेट भी अपने नाम किए। इस शानदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया अब बांग्लादेश के खिलाफ क्लीन स्वीप करने के इरादे से कानपुर पहुंच चुकी है।
अश्विन ने पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 21 ओवर में 88 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इसी के साथ उन्होंने अपने करियर में टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में 37वीं बार 5 विकेट हॉल लेने का कारनामा किया, जिससे उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज शेन वॉर्न की बराबरी कर ली। वॉर्न के नाम भी 37 बार 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। अगर अश्विन कानपुर टेस्ट में एक बार फिर 5 विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह शेन वॉर्न से आगे निकल जाएंगे।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल का रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट हॉल लेने का रिकॉर्ड श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के नाम है, जिन्होंने 67 बार यह उपलब्धि हासिल की।
- मुथैया मुरलीधरन – 67
- आर अश्विन – 37
- शेन वॉर्न – 37
- सर रिचर्ड हेडली – 36
- अनिल कुंबले – 35
अश्विन करेंगे शेन वॉर्न और नाथन लियोन का रिकॉर्ड ध्वस्त?
अश्विन के पास कानपुर टेस्ट में शेन वॉर्न का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका तो होगा ही, साथ ही उन्हें ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन को भी पीछे छोड़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा। अश्विन के नाम 101 टेस्ट मैचों में 522 विकेट हैं, जबकि लियोन ने 129 टेस्ट मैचों में 530 विकेट चटकाए हैं। अगर अश्विन कानपुर टेस्ट की दोनों पारियों में 9 विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में लियोन को पछाड़कर सातवें स्थान पर पहुंच जाएंगे।
ये भी पढ़ें..
Noida News: नोएडा के पूर्व सीईओ मोहिंदर सिंह ED की रडार पर, सौ से भी ज्यादा सवालों का देना होगा जबाव
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- मुथैया मुरलीधरन – 800
- शेन वॉर्न – 708
- जेम्स एंडरसन – 704
- अनिल कुंबले – 619
- स्टुअर्ट ब्रॉड – 604
- ग्लेन मैक्ग्रा – 563
- नाथन लियोन – 530
- आर अश्विन – 522

