IND vs BAN 2nd Test: भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और अंतिम मैच कानपुर में खेला जा रहा है। हालांकि, बारिश के कारण मैच शुरू में रुका रहा और दूसरे दिन शनिवार को मैच फिर से शुरू नहीं हो सका। कानपुर में जारी बारिश के कारण ग्रीन पार्क स्टेडियम की पिच और मैदान को ढक दिया गया था। भारी बारिश के कारण भारत और बांग्लादेश दोनों टीमें अपने होटल लौट गईं।
पहली पारी में बांग्लादेश ने 35 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए। हालांकि, इसके बाद मैच आगे नहीं बढ़ सका। दूसरे दिन शनिवार को कानपुर में फिर से बारिश शुरू हुई। करीब 12 बजे तक मैच शुरू नहीं हो पाया था। नतीजतन, कप्तान रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम होटल लौट गई। बांग्लादेशी खिलाड़ी भी टीम इंडिया के साथ अपने होटल के लिए रवाना हुए।
भारत ने झटके तीन विकेट
बांग्लादेश की ओर से पहली पारी में जाकिर हसन और शादमान इस्लाम ओपनिंग करने उतरे। जाकिर शून्य पर आउट हुए, जबकि शादमान 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मोमिनुल हक 81 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 40 रन बनाकर नाबाद रहे। नजमुल हुसैन शांतो 31 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मुशफिकुर रहीम 6 रन बनाकर नाबाद रहे।

