ग्रेटर नोएडा। दादरी कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, आरोप है कि एक महिला उसके पास अपने बेटे के इलाज के लिए गई थी, आरोपी ने बच्चों को ठीक करने का झांसा देकर महिला के साथ एक साल तक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मनोज शास्त्री नाम के युवक को नगर पालिका दादरी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
जन्म से ही मूक है बच्चा
पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपी मनोज शास्त्री कथा वाचन का काम करता है। करीब एक साल पहले ग्रेटर नोएडा में आयोजित भागवत कथा के दौरान पीड़ित महिला उससे मिली थी। उसने बताया कि उसका बेटा जन्म से ही बोल नहीं पाता है।
तंत्र विद्या से ठीक करने का आश्वासन
मनोज शास्त्री ने महिला को आश्वासन दिया कि उसके बच्चे को वह तांत्रिक विद्या से ठीक कर देगा। महिला का आरोप है कि उपचार और तांत्रिक विद्या के नाम पर उसका दैहिक शोषण करने लगा। जब महिला ने अपने पति से शिकायत करने की बात की तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दी।
फोन पर महिला से करता था अश्लील बातें
पीड़ित महिला का कहना है कि वह उससे लगातार फोन पर अश्लील बातें करता था और उसके घर पर भी आने लगा। वह महिला के पति को नशीली गोलियां खिला कर बेहोश करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म करता था। पीड़ित महिला ने आखिरकार हिम्मत जुटाकर इसकी शिकायत दादरी थाने में कर दी। शिकायत मिलने के बाद दादरी पुलिस ने कथा वाचक मनोज शास्त्री को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

